भारतीय महिला टीम के लिए BCCI ने खोली तिजोरी, वर्ल्ड चैंपियन बनते ही बनाया मालामाल, कर दी करोड़ों की बारिश
Women's World Cup BCCI: भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने वो कर दिखाया जो दो साल पहले पुरुष की टीम करने से चूक गई थी। हरमनप्रीत कौर की कप्तानी में भारतीय महिला टीम ने इतिहास रचते हुए वनडे वर्ल्ड कप की ट्रॉफी अपने नाम की। भारतीय खिलाड़ियों का प्रदर्शन इस टूर्नामेंट में शानदार रहा। इस दमदार उपलब्धि के सम्मान में भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने वर्ल्ड कप क्वींस के लिए एक बड़े पुरस्कार राशि की घोषणा की है।
बीसीसीआई ने किया 51 करोड़ देने का फैसला (Women's World Cup BCCI)
बीसीसीआई ने खिलाड़ी, कोच और सहयोगी स्टाफ सहित पूरी भारतीय महिला टीम के लिए 51 करोड़ रुपये इनाम की घोषणा की है। यह नकद पुरस्कार टीम के प्रयासों और देश को पहला महिला विश्व कप खिताब दिलाने की खुशी में दी जाएगी। बीसीसीआई के सचिव देबजीत सैकिया ने यह घोषणा करते हुए आईसीसी अध्यक्ष जय शाह द्वारा महिला क्रिकेट के विकास में किए गए बदलावों की सराहना की।

बीसीसीआई के सचिव देबजीत सैकिया ने कही बड़ी बात
उन्होंने बताया कि जय शाह के नेतृत्व में महिला क्रिकेट में कई बड़े बदलाव हुए हैं, जैसे पे-पैरिटी (पुरुषों के समान वेतन) को संबोधित करना। सैकिया ने यह भी पुष्टि की कि हाल ही में ICC ने महिला विश्व कप की कुल पुरस्कार राशि में 300 प्रतिशत की बढ़ोतरी की है। पहले यह राशि $2.88 मिलियन थी, जो अब बढ़कर $14 मिलियन हो गई है। यह कदम महिला क्रिकेट को बढ़ावा देने में बहुत अहम रहा है।
कुल करीब 90 करोड़ का मिलेगा इनाम
ऐतिहासिक जीत के लिए भारतीय टीम को BCCI के 51 करोड़ के इनाम के अलावा अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) से भी बड़ी पुरस्कार राशि मिलेगी। बीसीसीआई से 51 करोड़ मिलने के साथ ही आईसीसी से भी टीम को करीब 39.78 करोड़ रुपये दिए जाएंगे। इस तरह भारतीय महिला टीम को BCCI और ICC दोनों से मिलाकर 90 करोड़ से अधिक की भारी भरकम पुरस्कार राशि प्राप्त होगी।
जीत की हो रही 1983 वर्ल्ड कप जीत से तुलना
देबजीत सैकिया ने इस जीत की तुलना 1983 के पुरुष क्रिकेट विश्व कप की जीत से की। उन्होंने कहा कि जिस तरह कपिल देव की टीम ने उस समय देश में एक नई ऊर्जा और उत्साह का संचार किया था, ठीक उसी तरह हरमनप्रीत कौर और उनकी टीम ने आज वही उत्साह जगाई है। उन्होंने कहा कि हरमनप्रीत कौर और उनकी टीम ने न केवल ट्रॉफी जीती है, बल्कि उन्होंने सभी भारतीयों का दिल भी जीत लिया है।












Click it and Unblock the Notifications