Women's Ashes: ऑस्ट्रेलिया का एक और धमाका, इस बार महिला टीम ने इंग्लैंड को घर में घुसकर मारा
Women's Ashes: जिस तरह से ऑस्ट्रेलिया की टीम ने एशेज सीरीज के पहले टेस्ट में इंग्लैंड को हराया, वह काबिले तारीफ था। अब उनके नक्शे कदम पर चलते हुए महिला टीम ने भी इंग्लैंड को पराजित कर दिया। महिला एशेज में एक ही टेस्ट मैच था और इसे ऑस्ट्रेलिया ने 69 रनों से अपने नाम कर लिया।
मुकाबले के पांचवें दिन के पहले सेशन में इंग्लैंड की टीम 267 रनों का पीछा करते हुए 178 के कुल स्कोर पर आउट हो गई। चौथे दिन ही इंग्लैंड की टीम अपने 5 विकेट गंवाकर मुश्किल स्थिति में थी। पांचवें आते ही ऑस्ट्रेलिया ने बचे हुए विकेट लेकर मुकाबला जीत लिया।

मुकाबले के पहले दिन ऑस्ट्रेलिया ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया और यह सही साबित हो गया। एलिस पेरी का दुर्भाग्य रहा कि वह 99 के निजी स्कोर पर आउट हो गई लेकिन सदरलैंड्स ने शतक जमाते हुए 137 रनों की धाकड़ पारी खेली।
पहली पारी में ऑस्ट्रेलियाई टीम 473 रन बनाकर आउट हो गई। इंग्लैंड के लिए एक्लेस्टोन ने सबसे ज्यादा 5 विकेट अपने नाम किये। जवाबी पारी में खेलते हुए इंग्लैंड की टीम ने पहली पारी में 463 का स्कोर हासिल किया। ब्यूमोंट ने 208 रन बनाये और इंग्लैंड के लिए दोहरा शतक जड़ने वाली पहली महिला बन गईं। नताली सीवर ने 78 और हीदर नाईट ने 57 रनों की पारी खेली। ऑस्ट्रेलिया के लिए गार्डनर ने 4 और तहलिया मैक्ग्रा ने 3 विकेट झटके।
पहली पारी में ऑस्ट्रेलिया को मामूली बढ़त मिली और दूसरी पारी में मेहमान टीम 257 रन बनाकर आउट हो गई। बेथ मूनी के बल्ले से सबसे ज्यादा 85 रनों की पारी देखने को मिली। एलिसा हिली ने फिफ्टी जड़ी। एक्लेस्टोन ने एक बार फिर से 5 विकेट झटके और मैच में अपने 10 विकेट पूरे किये।
इसके बाद 267 के लक्ष्य के जवाब में खेलते हुए इंग्लैंड की टीम दबाव सहन नहीं कर पाई और 178 पर आउट हो गई। ऑस्ट्रेलिया के लिए एश्ले गार्डनर ने 8 विकेट झटके। मैच में उन्होंने कुल 12 विकेट अपने नाम किये। इस तरह ऑस्ट्रेलिया ने ट्रॉफी पर कब्जा जमा लिया।












Click it and Unblock the Notifications