हरमनप्रीत कौर ने बताया टी20 वर्ल्ड कप में इंग्लैंड से हारने का बड़ा कारण
इंग्लैंड के खिलाफ टी20 वर्ल्ड कप के मैच में भारतीय महिला टीम ने शुरुआत अच्छी की थी लेकिन टीम इंडिया को हार का सामना करना पड़ा।

Women's T20 World Cup 2023: महिला टी20 वर्ल्ड कप में भारतीय टीम को इंग्लैंड के खिलाफ करीबी हार का सामना करना पड़ा। इससे अब सेमीफाइनल की दौड़ रोचक हो गई है। भारतीय टीम इस मैच में जीत दर्ज कर सेमीफाइनल का टिकट कटा सकती थी लेकिन ऐसा नहीं हो पाया। टीम इंडिया की हार को लेकर कप्तान हरमनप्रीत कौर ने कुछ कारणों का जिक्र किया है। भारतीय कप्तान ने कहा कि हम गेंदबाजी के दौरान अपना मोमेंटम बरकरार रखने में नाकाम रहे।
मोमेंटम बरकरार नहीं रख पाए
हरमनप्रीत कौर ने मैच के बाद कहा कि हमने शुरुआत अच्छी की थी लेकिन बीच में गेंदबाजी के दौरान हम मोमेंटम बरकरार रखने में नाकम रहे। बल्लेबाजी में भी हम अच्छा कर रहे थे लेकिन आवश्यक रन रेट के हिसाब से खेलने में नाकाम रहे। उन्होंने रेणुका सिंह की गेंदबाजी को लेकर अहम प्रतिक्रिया दी और तारीफ की। रेणुका को लेकर हरमनप्रीत कौर ने कहा कि जब भी रेणुका गेंदबाजी कर रही थी, हम विकेट लेने के लिए सोच रहे थे। वह गेंदबाजी करने का आनन्द उठा रही थी।
मंधाना का विकेट रन बनाने के प्रयास में गिरा
भारतीय कप्तान ने कहा कि बारिश की संभावना देखते हुए हम बीच में डकवर्थ लुईस नियम के बारे में भी बात कर रहे थे। हम 10 से 12 रन पीछे थे लेकिन मंधाना और घोष के बारे में हम सब जानते हैं। कई बार जब आप पीछे होते हो तो बड़े शॉट के लिए जाना होता है। मंधाना ने उस समय वही किया और उनका विकेट गिर गया।
रेणुका सिंह ने की घातक गेंदबाजी
गौरतलब है कि भारतीय टीम के लिए गेंदबाजी में रेणुका सिंह ने बेहतरीन गेंदबाजी करते हुए 5 विकेट अपने नाम किये थे। उन्होंने इंग्लैंड को पावरप्ले में बैकफुट पर ला दिया था। इसके बाद नताली सीवर के अर्धशतक की मदद से इंग्लैंड ने 7 विकेट पर 151 रन बनाए। भारत की टीम 140 रनों तक पहुँच पाई। स्मृति मंधाना ने 52 रन बनाए। ऋचा घोष ने नाबाद 47 रन बनाए। वह इस टूर्नामेंट में लगातार तीसरी बार नाबाद रहीं।












Click it and Unblock the Notifications