क्रिकेट फैंस का रोमांच हुआ दोगुना, अक्टूबर में फिर खेला जाएगा Asia Cup
क्रिकेट फैंस के लिए साल के बचे हुए दिन रोमांच से भरपूर होने वाले हैं। 27 अगस्त से यूएई में एशिया कप (Asia Cup) का आगाज होने जा रहा है और फिर ऑस्ट्रेलिया के मैदानों पर टी20 वर्ल्ड कप भी होना है।
नई दिल्ली, 24 अगस्त: क्रिकेट फैंस के लिए साल के बचे हुए दिन रोमांच से भरपूर होने वाले हैं। 27 अगस्त से यूएई में एशिया कप (Asia Cup) का आगाज होने जा रहा है और फिर ऑस्ट्रेलिया के मैदानों पर टी20 वर्ल्ड कप भी होना है। इसी बीच फैंस के लिए एक और अच्छी खबर सामने आ रही है। दरअसल, बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) ने महिला एशिया कप की वापसी की पुष्टि की है।

अक्टूबर में होगा एशिया कप
BCB ने दावा किया है कि 1 से 16 अक्टूबर के बीच महिला एशिया कप खेला जाएगा। इस बार टूर्नामेंट टी20 फॉर्मेट में होगा और सभी मुकाबले बांग्लादेश के सिलहट इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेले जाएंगे। हालांकि, एशियाई क्रिकेट काउंसिल (ACC) ने अभी तक टूर्नामेंट की तारीखों की आधिकारिक घोषणा नहीं की है।
आखिरी बार ये टूर्नामेंट साल 2018 में खेला गया था। इसके बाद कोरोना के चलते पिछले तीन सालों में महिला एशिया कप का आयोजन नहीं हो सका।

7 टीमों के बीच होगी टक्कर
रिपोर्ट्स के मुताबिक, महिला एशिया कप में कुल 7 टीमें हिस्सा लेंगी। इनमें भारत, पाकिस्तान, श्रीलंका, थाईलैंड, मलेशिया, यूएई और मेजबान बांग्लादेश शामिल है। टूर्नामेंट का आयोजन यूएई में 2022 महिला टी20 वर्ल्ड कप क्वालिफायर के सितंबर के आखिरी सप्ताह होने के बाद किया जाएगा।
बता दें कि अक्टूबर 2018 के बाद बांग्लादेश में महिला क्रिकेट टीम का एक भी इंटरनेशनल मैच नहीं खेला गया है। 2014 टी20 वर्ल्ड कप के बाद ये पहला मौका होगा, जब सिलहट किसी भी महिला इंटरनेशनल मैच की मेजबानी करेगा।

सामने आया BCB का बयान
बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड के अध्यक्ष शफीउल आलम चौधरी ने ESPN क्रिकइंफो को दिए बयान में कहा, ''सिलहट इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम हवाई अड्डे और होटल से सबसे निकट है, जहां सात टीमों के ठहरने की उम्मीद है। इसलिए यह बीसीबी के लिए सबसे अच्छा विकल्प है। हम सिलहट इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम के ग्राउंड 1 में महिला एशिया कप के मैचों की मेजबानी करना चाहते हैं और ग्राउंड 2 में टीमें प्रशिक्षण करेगी।''

भारत का रिकॉर्ड बहुत शानदार
महिला एशिया कप की शुरुआत 2004 में हुई थी और अभी तक कुल 7 टूर्नामेंट खेले गए हैं। दिलचस्प बात ये हैं कि शुरुआती 6 एशिया कप भारतीय महिला टीम ने ही जीते। 2018 में भी टीम इंडिया ने फाइनल तक का सफर तय किया था, लेकिन निर्णायक मुकाबले में बांग्लादेश ने भारत को 3 विकेट से हराकर पहली बार एशिया कप पर कब्जा जमाया था।












Click it and Unblock the Notifications