आखिर क्यों वर्ल्ड कप टीम से ड्रॉप हुईं 'लेडी सहवाग' शेफाली वर्मा, तोड़ चुकी है सचिन तेंदुलकर का ये खास रिकॉर्ड
Women ODI World Cup: महिला वनडे वर्ल्ड कप के लिए भारतीय टीम का ऐलान हो गया है और इसमें कुछ चौंकाने वाले फैसले देखने को मिले हैं। तेज गेंदबाज रेनुका सिंह ठाकुर चोट से उबरकर टीम में वापस लौटी हैं। वहीं, दमदार हिटर शेफाली वर्मा को इस बार वर्ल्ड कप टीम में जगह नहीं मिली है। टीम की कमान हरमनप्रीत कौर के हाथों में होगी, जबकि स्मृति मंधाना उपकप्तान होंगी। टूर्नामेंट की शुरुआत 30 सितंबर से हो रही है।
शेफाली वर्मा को क्यों नहीं मिली जगह? (Women ODI World Cup)
चयन समिति की अध्यक्ष नीतु डेविड ने बताया कि शेफाली टीम के प्लान में हैं, लेकिन फिलहाल वनडे में उनका प्रदर्शन स्थिर नहीं रहा है। उन्होंने हाल ही में ऑस्ट्रेलिया-ए सीरीज खेली थी, लेकिन वहां भी लगातार बड़ी पारियां नहीं खेल पाईं। नीतू डेविड ने कहा कि हमारी नज़र शेफाली पर है। उन्हें और अनुभव जुटाना होगा ताकि भविष्य में टीम के लिए बेहतर प्रदर्शन कर सकें।

प्रतिका रावल को मिला बड़ा मौका
टॉप ऑर्डर बैटर प्रतिका रावल को मौका मिला है। रावल ने अब तक 14 वनडे मैचों में शानदार प्रदर्शन किया है। उनके प्रदर्शन को देखते हुए उन्हें इस बार टीम में जगह मिली है। उनकी लगातार अच्छी फॉर्म ने उन्हें शेफाली पर बढ़त दिलाई। इसके अलावा ऋचा घोष विकेटकीपर-बल्लेबाज के रूप में पहली पसंद बनी हैं। प्रतिका रावल इस मौके का भरपूर फायदा उठाना चाहेंगी।
ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सीरीज से पहले तैयारियां
वर्ल्ड कप से पहले टीम इंडिया तीन वनडे मैचों की सीरीज ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेलेगी, जिसकी शुरुआत 14 सितंबर से होगी। इस सीरीज में अमनजोत कौर को चोट के कारण आराम दिया गया है और उनकी जगह सायली सतघारे को मौका मिला है। अमनजोत फिलहाल बीसीसीआई सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में अपनी फिटनेस पर काम कर रही हैं।
शेफाली तोड़ चुकी हैं सचिन का रिकॉर्ड
पिछले साल यानी साल 2024 में शेफाली वर्मा ने इतिहास रचते हुए बांग्लादेश के खिलाफ 9 मई को अपना 100वां इंटरनेशनल मैच खेला। वह सिर्फ 20 साल 102 दिन की उम्र में यह उपलब्धि हासिल करने वाली भारतीय मेंस और महिला क्रिकेट की सबसे कम उम्र की खिलाड़ी बन गईं। इस मामले में उन्होंने मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर का भी रिकॉर्ड तोड़ दिया, जिन्होंने 20 साल 329 दिन में यह मुकाम हासिल किया था।












Click it and Unblock the Notifications