क्या IPL 2022 में RCB की कप्तानी के लिये फिर लौटेंगे विराट कोहली, वेटोरी ने दी बड़ी अपडेट
नई दिल्ली। मौजूदा समय में दुनिया के सबसे शानदार खिलाड़ियों में एक नाम विराट कोहली का आता है जो कि अपनी फिटनेस लेवल और मैच के प्रति जुनून के लिये जाने जाते हैं। विराट कोहली ने श्रीलंका के खिलाफ खेले गये पहले टेस्ट मैच में ही अपने करियर के 100 टेस्ट मैच पूरे कर लिये हैं और अपने रिकॉर्ड की लिस्ट में एक और नाम जोड़ लिया है। विराट कोहली ने अपने करियर में 260 वनडे मैच खेले हैं जिसमें 43 शतक लगाये हैं और 97 अंतर्राष्ट्रीय टी20 मैचों के साथ ही आईपीएल के हर सीजन में हिस्सा लेते नजर आये हैं।

मौजूद समय में विराट कोहली भले ही बल्लेबाजी करियर के उस दौर से गुजर रहे हैं, जहां पर वो संघर्ष करते नजर आ रहे हैं लेकिन कोई भी उनकी बल्लेबाजी पर सवाल नहीं उठा सकता है। श्रीलंका के खिलाफ पहले टेस्ट मैच में विराट कोहली ने 45 रनों की पारी खेली थी लेकिन लेफ्ट आर्म स्पिनर लसिथ एमबुल्डेनिया की गेंद पर आउट होकर वापस लौट गये थे।
और पढ़ें:'हमारे खिलाफ रची गई साजिश', पाकिस्तान दौरे पर रावलपिंडी की पिच से नाराज हुए पैट कमिंस

क्या दोबारा आरसीबी के कप्तान बनेंगे कोहली
विराट कोहली अब बेंगलुरू के मैदान पर पिंक बॉल टेस्ट में खेलते नजर आयेंगे जहां पर फैन्स को 2 साल से चले आ रहे उनके शतक के सूखे को खत्म होने का इंतजार रहेगा, क्योंकि इसके बाद खिलाड़ी दो महीने तक चलने वाले इंडियन प्रीमियर लीग के 15वें सीजन में खेलते नजर आयेंगे। आईपीएल 2022 में कोहली लंबे समय बाद आरसीबी की टीम के लिये सिर्फ बल्लेबाज के रूप में खेलते नजर आने वाले हैं, क्योंकि कोहली ने पिछले ही सीजन अपनी कप्तानी से इस्तीफा दिया है। विराट कोहली ने पिछले साल सितंबर से कप्तानी छोड़ना शुरू किया और जनवरी में साउथ अफ्रीका के खिलाफ 1-2 से टेस्ट सीरीज गंवाने के बाद हर प्रारूप की कप्तानी को छोड़ दिया है।
इस बीच आरसीबी की टीम नये सीजन की तैयारियां शुरू कर चुकी है लेकिन उसने अब तक अपने नये कप्तान का ऐलान नहीं किया है। ऐसे में कई फैन्स की मानना है कि विराट कोहली एक बार फिर से टीम की कप्तानी करते हुए नजर आ सकते हैं। ऐसे में जब आरसीबी के पूर्व कप्तान डैनियल वेटोरी से यह सवाल किया गया तो उन्होंने इस पर अपनी राय दी है।

विटोरी ने दिया सवाल का जवाब
डैनियल विटोरी का मानना है कि रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर की टीम विराट कोहली को दोबारा कप्तानी की जिम्मेदारी नहीं सौंपेगी और एक नये कप्तान को ढूंढती नजर आयेगी।
ईएसपीएन क्रिकइंफो से बात करते हुए डैनियल वेटोरी ने कहा,'नही मुझे नहीं लगता कि विराट कोहली दोबारा से आरसीबी के कप्तान बनेंगे। मुझे लगता है कि यह एकदम आसान है और ऐसा ही रहने वाला है। मुझे नहीं लगता कि यह कभी भी काम करेगा फिर चाहे फ्रैंचाइजी क्रिकेट हो या फिर अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट हो। एक बार कप्तान आगे बढ़ जाता है तो सही चीज यही होती है कि उसे जाने दिया जाये।'

इस बात के दम पर होगा आरसीबी के नये कप्तान का फैसला
गौरतलब है कि आरसीबी की टीम ने इस सीजन की नीलामी के दौरान डुप्लेसिस को 7 करोड़ और दिनेश कार्तिक को 5.50 करोड़ रुपये देकर अपने खेमे में शामिल किया है और दोनों ही खिलाड़ियों को कप्तानी का अनुभव है। साथ ही ग्लेन मैक्सवेल को भी बिग बैश लीग में कप्तानी का अनुभव है जिसके चलते वो भी नये कप्तान बनने की रेस में शामिल हैं।
उन्होंने कहा,'मुझे लगता है कि वो लीडरशिप ग्रुप में कोहली, मैक्सवेल और डुप्लेसिस को शामिल करेंगे, यहां तक कि दिनेश कार्तिक भी इसका हिस्सा बन सकते हैं। मुझे लगता है कि फाफ डुप्लेसिस को मैक्सवेल की जगह मौका दिया जा सकता है। अगर वो पहले 3 मैचोंं में जीत हासिल करते हैं तो उन्हें जारी रख सकते हैं। मुझे लगता है कि मैक्सवेल को छोटे समय के लिये कप्तानी दी जा सकती है। आईपीएल में 3 साल का समय काफी लंबा होता है और उम्मदी है कि वो अपने पिछले सीजन के प्रदर्शन को जारी रखेंगे। वो इस बात पर कप्तान का चयन करना चाहेंगे जिसे 3 सालों तक के लिये कमान दी जा सकती है।'












Click it and Unblock the Notifications