अगर बारिश से धुला ऑस्ट्रेलिया-साउथ अफ्रीका का मैच तो क्या होगा, जानें फाइनल में किससे होगा भारत का मुकाबला?
SA vs AUS, Kolkata Weather Forecast: आईसीसी वनडे विश्व कप 2023 के दूसरे सेमीफाइनल में ऑस्ट्रेलिया और दक्षिण अफ्रीका आमने-सामने होंगे। दो बड़ी दिग्गज टीमों के बीच ये नॉकआउट मुकाबला 16 नवंबर को कोलकाता के ईडन गार्डन्स में खेला जाएगा। हालांकि इस हाई-वोल्टेज मुकाबले में बारिश की संभावना ने फैंस और खिलाड़ियों को चिंता में डाल दिया है।
बारिश के कारण रद्द हुआ मैच तो क्या होगा?
अच्छी बात ये है कि अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) ने नॉकआउट मैचों के लिए एक रिजर्व डे रखा है। यदि गुरुवार को दक्षिण अफ्रीका और ऑस्ट्रेलिया के बीच मैच बारिश के कारण रद्द हो जाता है, तो खेल अगले दिन फिर से शुरू होगा। वेदर डॉट कॉम के मुताबिक, शुक्रवार को भी पूरे कोलकाता में बारिश की 50 फीसदी संभावना है। अगर ऐसा होता है तो दक्षिण अफ्रीका फाइनल में पहुंच जाएगा, क्योंकि अंक तालिका में वह ऑस्ट्रेलिया से आगे था।

दक्षिण अफ्रीका को लीग फेज के दौरान 9 मैचों में केवल दो हार का सामना करना पड़ा। नीदरलैंड और भारत ही एकमात्र ऐसी टीमें थीं जिन्होंने प्रोटियाज से बेहतर प्रदर्शन किया।
अफगानिस्तान पर 5 विकेट की जीत के बाद दक्षिण अफ्रीका ने नॉकआउट चरण में प्रवेश किया। दक्षिण अफ्रीका के लिए रासी वैन डेर डूसन ने बल्ले से बेहतरीन प्रदर्शन किया और मिडिल ऑर्डर के बल्लेबाज ने 245 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए नाबाद 76 रन बनाए।
वहीं ऑस्ट्रेलिया ने अपने अभियान की निराशाजनक शुरुआत की और पहले दो मैचों में भारत और दक्षिण अफ्रीका से हार गया। लेकिन पांच बार के चैंपियन ने अगले मैचों में जोरदार वापसी की। उन्होंने बाकी सभी मैच जीतकर अंक तालिका में तीसरा स्थान हासिल किया।
ईडन गार्डन्स की पिच रिपोर्ट
ईडन गार्डन्स का विकेट बल्लेबाजों की मदद के लिए जाना जाता है, लेकिन इस टूर्नामेंट के दौरान स्पिनरों ने प्रमुख भूमिका निभाई है। दोनों टीमों के पास सितारों से सजी बल्लेबाजी यूनिट हैं, जो उन्हें फाइनल में पहुंचाने के लिए आज बल्ले से कमाल करती नजर आएगी।
कोलकाता में कैसा रहेगा आज का मौसम
16 नवंबर को कोलकाता में मौसम बादल छाए रहने की उम्मीद है। सिटी ऑफ जॉय में बारिश की संभावना है। दक्षिण अफ्रीका और ऑस्ट्रेलिया के बीच विश्व कप सेमीफाइनल में खराब मौसम के कारण कुछ रुकावटें देखने को मिल सकती हैं। तापमान 23 डिग्री सेल्सियस से 28 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है, जबकि ह्यूमिडिटी 71-90 प्रतिशत के आसपास रहने का अनुमान है। हवा की गति लगभग 10-15 किमी/घंटा होगी।












Click it and Unblock the Notifications