IND vs BAN: केएल राहुल को क्यों दिया गया बांग्लादेश के खिलाफ टेस्ट में मौका? क्या है BCCI का बड़ा प्लान
IND vs BAN: बांग्लादेश के खिलाफ पहला टेस्ट मुकाबला अब ज्यादा दूर नहीं है। चेन्नई में होने वाला यह मैच भारतीय टीम के लिए अहम है। वर्ल्ड टेस्ट चैम्पियनशिप के तहत यह सीरीज खेली जानी है। भारतीय टीम का प्रयास यही रहेगा कि दोनों मैच जीतकर WTC अंक तालिका में मजबूती बरकरार रखी जाए।
भारतीय टीम में केएल राहुल को शामिल किया गया है। उनके अलावा कुछ युवा प्लेयर्स को भी टीम में मौका मिला है। दो टेस्ट मैचों में से फ़िलहाल पहले टेस्ट की टीम घोषित की गई है। चेन्नई टेस्ट मुकाबला समाप्त होने के बाद अगले मैच की टीम घोषित की जाएगी। केएल राहुल को टीम में शामिल करने के पीछे एक रणनीति है।

राहुल को परखने की रणनीति
केएल राहुल को इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट टीम में रखा गया था लेकिन धर्मशाला में अंतिम टेस्ट से पहले वह चोटिल होकर बाहर हो गए थे। वर्ल्ड टेस्ट सीरीज के आने वाले मैचों से पहले राहुल को परखने का यह अच्छा मौका है क्योंकि टीम में अन्य खिलाड़ी भी हैं। अगर वह अच्छा खेल नहीं दिखा पाते हैं, तो बाकी प्लेयर्स को मौका मिलेगा।
ऑस्ट्रेलिया दौरे को ध्यान में रखा गया
भारतीय टीम को नवम्बर में ऑस्ट्रेलिया दौरे पर जाना है। केएल राहुल को उस दौरे से पहले मौका दिया गया है, ताकि उनको उस सीरीज के लिए तैयार किया जा सके। ऑस्ट्रेलिया में भारतीय टीम को ओवरसीज में खेल चुके अनुभवी खिलाड़ी चाहिए। राहुल ने ऑस्ट्रेलिया में अच्छा प्रदर्शन किया है। बीसीसीआई ने उस दौरे को ध्यान में रखते हुए राहुल को टीम में रखा है।
सरफराज खान होंगे बाहर
भारतीय टीम में सरफराज खान को भी रखा गया है लेकिन उनकी जगह प्लेइंग इलेवन में नहीं बनेगी क्योंकि केएल राहुल खेलते हुए दिखाई देंगे। ऐसे में सरफराज खान दलीप ट्रॉफी में खेलते रहेंगे। सरफराज खान को दलीप ट्रॉफी में खिलाने से फायदा यह होगा कि अगर बांग्लादेश के खिलाफ दूसरे टेस्ट में वह प्लेइंग इलेवन में आएँगे, तो उनको कोई परेशानी नहीं होगी। इस तरह बीसीसीआई ने दूर का सोचकर राहुल को शामिल किया है।












Click it and Unblock the Notifications