काउंटी क्रिकेट में धमाल मचा रहे हैं वॉशिंगटन सुंदर, भारतीय टीम में जगह नहीं मिलने पर आकाश चोपड़ा ने उठाया सवाल
भारतीय क्रिकेट टीम के ऑलराउंडर वॉशिंगटन सुंदर इन दिनों इंग्लैंड में काउंटी क्रिकेट खेल रह हैं।
नई दिल्ली, जुलाई 24: भारतीय क्रिकेट टीम के ऑलराउंडर वॉशिंगटन सुंदर इन दिनों इंग्लैंड में काउंटी क्रिकेट खेल रह हैं। मौजूदा सीजन में वह लंकाशायर की ओर से खेल रहे हैं। टूर्नामेंट में सुंदर का यह पहला सीजन है। डेब्यू मैच में ही उन्होंने शानदार प्रदर्शन कर अपनी टीम को जिताने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की। लंकाशायर और नॉर्थेंप्टनशायर के बीच हुए मैच में सुंदर ने 5 विकेट लेने के साथ ही बल्ले से भी अच्छी पारी खेलकर अपनी टीम को जिताया।

5 विकेट चटकाए
काउंटी क्रिकेट में डेब्यू करने वाले वॉशिंगटन सुंदर ने नॉर्थेंप्टनशायर के खिलाफ मुकाबले की पहली पारी में 76 रन खर्चकर 5 विकेट झटके। सुंदर ने कप्तान विल यंग(2), रोब कोघ(54), रिकेल्टन(22), लूइस मैकमेनस(61) और टॉम टेलर(1) को पवेलियन भेजा। इसके अलावा दूसरी पारी में उन्होंने 34 रन की नाबाद पारी खेलकर अपनी टीम को जीत दिलाने में मदद की। वॉशिंगटन के शानदार प्रदर्शन के बावजूद भी उन्हें भारतीय टीम में जगह नहीं मिल रही है, इस पर पूर्व क्रिकेटर आकाश चोपड़ा ने सवाल उठाए हैं।
टीम में जगह क्यों नहीं
सुंदर के प्रदर्शन का एक स्क्रीनशॉट आकाश चोपड़ा ने ट्वीट किया है। इस फोटो के साथ ही कैप्शन में उन्होंने लिखा, वह फिट है और खेल रहा है। वह अच्छा प्रदर्शन भी कर रहा है। लेकिन फिर क्यों वॉशिंगटन सुंदर भारत की वनडे और टी20 टीम का हिस्सा नहीं हैं। सुंदर ने भारत के लिए 4 टेस्ट, 4 वनडे और 31 टी20 इंटरनेशनल मुकाबले खेले हैं। टेस्ट में उन्होंने 265 रन बनाए हैं और 6 विकेट झटके हैं, वनडे में उन्होंने 57 रन बनाए हैं और 5 विकेट लिए हैं वहीं टी20 में सुंदर ने 47 रन बनाए हैं और 25 विकेट चटकाए हैं।












Click it and Unblock the Notifications