IND vs PAK: भारत-पाकिस्तान मैच के दौरान लोग क्यों दिखा रहे गुलाबी बोर्ड, क्या वर्ल्ड कप से है कोई कनेक्शन?
India vs Pakistan, 12th Match: आईसीसी वनडे वर्ल्ड कप 2023 में आज, 14 अक्टूबर को टूर्नामेंट का सबसे रोमांचक मैच भारत और पाकिस्तान के बीच खेला जा रहा है। यह भिड़ंत अहमदाबाद में दुनिया के सबसे बड़े क्रिकेट स्टेडियम में हो रही है। दर्शकों से खचाखच भरे नरेंद्र मोदी स्टेडियम में मैच के दौरान गुलाबी रंग छाया हुआ है, जिसे लेकर कुछ फैंस हैरान हैं और सोच रहे हैं कि आखिर वर्ल्ड कप में पिंक कलर इतना अधिक क्यों दिख रहा है?
दरअसल, आईसीसी ने वनडे वर्ल्ड कप 2023 के लिए लोगो जारी किया है और इस लोगो में पिंक कलर का इस्तेमाल किया गया है। यही कारण है कि मैदान पर खड़े अंपायर की टी-शर्ट से लेकर स्कोर बोर्ड को आप पिंक कलर में देख रहे हैं। आईसीसी ने वर्ल्ड कप 2023 के लोगो को नवरस के थीम पर तैयार किया है। नवरस में नव रंग होते हैं और हर रंग का एक खास महत्व होता है।

विश्व कप क्रिकेट मैच के उत्साह के दौरान प्रशंसकों द्वारा महसूस की जाने वाली विभिन्न भावनाओं को दर्शाने के लिए प्रतीकों और रंगों का उपयोग किया गया है। पुरुष क्रिकेट विश्व कप का समृद्ध इतिहास दुनिया भर के प्रशंसकों में बहुत सारी भावनाएं जगाएगा। वर्ल्ड कप के नवरस में नौ भावनाओ में खुशी, शक्ति, पीड़ा, सम्मान, गर्व, बहादुरी, महिमा, आश्चर्य और जुनून शामिल हैं, जो पुरुषों के क्रिकेट विश्व कप के दौरान उत्पन्न होने वाली प्रतिक्रियाओं का पूरी तरह से प्रतिनिधित्व करती हैं।
भारत बनाम पाक मैच की बात करें तो टॉस हारने के बाद बल्लेबाजी करने उतरी पाकिस्तान की टीम भारत की घातक गेंदबाजी के आगे 42.5 ओवर में 191 रन पर ढेर हो गई। हालांकि, कप्तान बाबर आजम ने बल्ले से शानदार प्रदर्शन किया। पहले बल्लेबाजी करने उतरी पाकिस्तान की शुरुआत अच्छी रही। अब्दुल्ला शफीक और इमाम-उल-हक ने अच्छी साझेदारी की।
हालांकि, भारत की गेंदबाजी लाइन-अप ने जल्द ही मामला अपने हाथ में ले लिया और पूरी तरह से हावी हो गई। पाकिस्तान के लिए बाबर आजम ने 50 रन बनाए, जबकि मोहम्मद रिजवान ने 49 रन बनाए। भारत के लिए हार्दिक पंड्या, कुलदीप यादव, जसप्रीत बुमराह, रवींद्र जड़ेजा और मोहम्मद सिराज ने दो-दो विकेट लिए। फिलहाल, भारतीय टीम बल्लेबाजी कर रही है।












Click it and Unblock the Notifications