Who Will Win Qualifier 1: फाइनल के लिए पंजाब-बेंगलुरु की टक्कर, आज किसका बजेगा डंका? हेड-टू-हेड में कौन भारी
IPL 2025 का क्वालिफायर-1 और सामने हैं दो ऐसी टीमें जो सालों से ट्रॉफी के दरवाजे तक तो पहुंचीं, लेकिन अंदर दाखिल नहीं हो पाईं। पंजाब किंग्स और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB vs PBKS)- दोनों ऐसी टीमें हैं जिनकी झोली में उम्मीदें भरपूर रहीं, पर हाथ खाली। अब वक्त है उस 'ट्रॉफीलेस टैग' से बाहर निकलने का और पहला कदम होगा आज की इस बड़ी भिड़ंत में जीत के साथ।
इतिहास गवाह है कि जब भी ये दोनों टीमें आमने-सामने आई हैं, मुकाबला दिल थाम देने वाला रहा है। लेकिन इस बार मामला सीधे फाइनल के टिकट का है, तो मैदान पर किस कदर तांडव होगा अंदाजा लगाना भी मुश्किल है। एक्शन से पहले हेड टू हेड रिकॉर्ड पर एक नजर डालते हैं।

आईपीएल 2025 में पंजाब किंग्स और आरसीबी दोनों ने 14 में से 9 मुकाबले जीतकर 19 अंक हासिल किए। पंजाब ने मुंबई इंडियंस को रौंदकर टॉप-2 में जगह पक्की की, तो आरसीबी ने लखनऊ में रोमांचक जीत के साथ फिनिशिंग टच दिया।
एक तरह से देखा जाए तो दोनों टीमें इस सीज़न में एक अलग ही सोच और तेवर के साथ उतरी हैं- पंजाब को रिकी पोंटिंग और श्रेयस अय्यर ने नई पहचान दी, तो आरसीबी ने दमदार परफॉर्मेंस दिखाते हुए बैलेंस के साथ लगातार जीत दर्ज की।
हालांकि, इतिहास कहता है कि PBKS को फाइनल खेले हुए 11 साल हो गए, पंजाब ने आखिरी बार 2014 में प्लेऑफ में जगह बनाई थी। पंजाब ने उसी साल क्वालीफायर-1 खेला था। जबकि RCB ने 2009, 2011 और 2016 में रनर-अप बनकर अपने फैंस की उम्मीदें जिंदा रखी हैं। इस बार की कहानी में ट्विस्ट यह है कि दोनों ही टीमें ट्रॉफी के उतने ही भूखी हैं जितनी कोई नई टीम होती।
PBKS vs RCB: रणनीति और खिलाड़ी टक्कर
पंजाब की ओर से अर्शदीप सिंह की शुरुआत में गेंदबाजी खास असर डाल सकती है, खासकर फिल सॉल्ट और विराट कोहली के खिलाफ उनके रिकॉर्ड को देखकर ऐसा लगता है। साथ ही युजवेंद्र चहल का पुराने क्लब RCB के खिलाफ प्रदर्शन और जितेश शर्मा जैसे खिलाड़ियों पर उनकी पकड़, टीम को एक्स्ट्रा एज दे सकती है।
वहीं, RCB की गेंदबाजी लाइनअप में अगर जोश हेज़लवुड फिट होकर खेलते हैं, तो उनका सामना श्रेयस अय्यर जैसे खिलाड़ी से देखने लायक होगा। भुवनेश्वर कुमार के खिलाफ पंजाब के टॉप ऑर्डर के आंकड़े भी उनके पक्ष में हैं। आरसीबी के लिए सबसे अहम होगा - पंजाब के ओपनिंग स्टैंड को जल्दी तोड़ना।
RCB vs PBKS: हेड टू हेड और मोमेंटम का गणित
अब तक 35 बार आमने-सामने आ चुकी हैं ये टीमें, जिसमें पंजाब ने 18 और आरसीबी ने 17 बार बाजी मारी है। इस सीजन में दोनों ने एक-दूसरे को हराया है, लेकिन जो दिलचस्प बात है- वो यह कि मुल्लांपुर में पिछली भिड़ंत में आरसीबी ने पंजाब को हराकर अपना 7 में 7 अवे जीत का रिकॉर्ड पूरा किया था। लेकिन आज वो मैचविनर देवदत्त पडिक्कल टीम में नहीं हैं।
RCB vs PBKS: कौन है आज का प्रबल दावेदार?
दोनों टीमों की मौजूदा फॉर्म, स्क्वॉड बैलेंस और आत्मविश्वास को देखा जाए तो मुकाबला पूरी तरह बराबरी का है। लेकिन अगर थोड़ी सी बढ़त किसी टीम को देनी हो, तो आरसीबी आज के मैच में जरा आगे नजर आती है। वजह? उनकी लगातार सात जीत, फॉर्म में चल रहे कोहली और रजत पाटीदार, साथ ही गेंदबाजी में वेरिएशन।
हालांकि, पंजाब के पास घरेलू पिच का फायदा है और उनकी मिडिल ऑर्डर अब पहले से ज़्यादा सधा हुआ है। अगर आरसीबी पावरप्ले में विकेट नहीं ले पाई, तो पंजाब बड़ा स्कोर खड़ा कर सकती है। तो फाइनल का टिकट आज किसकी जेब में जाएगा? आरसीबी की लय कहती है- ये साल हमारा है, पर पंजाब का बदला हुआ तेवर कहता है- इतिहास बदलने का वक्त आ गया है।












Click it and Unblock the Notifications