कौन होगा अजिंक्य रहाणे की जगह केकेआर का नया कप्तान? 28 साल का खिलाड़ी प्रबल दावेदार
Ajinkya Rahane: अजिंक्य रहाणे ने क्रिकेट के सभी प्रारूपों से संन्यास लेने का ऐलान कर दिया है। इस फैसले के साथ उनका आईपीएल करियर भी समाप्त हो गया। यानी अब रहाणे किसी भी पेशेवर क्रिकेट टूर्नामेंट में खेलते नजर नहीं आएंगे। ऐसे में सबसे बड़ा सवाल कोलकाता नाइट राइडर्स की कप्तानी को लेकर खड़ा हो गया है।
पिछले दो सीजन में रहाणे ने केकेआर की कप्तानी संभाली थी। हालांकि टीम उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर पाई थी । अब उनके संन्यास के बाद फ्रेंचाइजी को नया कप्तान चुनना होगा। टीम के भीतर कई अनुभवी खिलाड़ी मौजूद हैं, लेकिन सबसे मजबूत दावेदारी रिंकू सिंह की मानी जा रही है।

पिछले सीजन ही दे दिया था संकेत
दरअसल पिछले सीजन केकेआर ने रिंकू सिंह को उपकप्तान बनाया था। उस समय भी इस फैसले को सिर्फ औपचारिक जिम्मेदारी नहीं माना गया था। माना गया कि फ्रेंचाइजी धीरे-धीरे उन्हें नेतृत्व की भूमिका के लिए तैयार कर रही है। अब रहाणे के हटने के बाद वही फैसला केकेआर के लिए सबसे बड़ा आधार बन सकता है।
मैनेजमेंट ने भविष्य के बारे में सोचा
यह भी माना जा रहा है कि टीम प्रबंधन को पहले से अंदाजा रहा होगा कि रहाणे का क्रिकेट करियर अपने अंतिम दौर में है। शायद यही वजह थी कि रिंकू को समय रहते लीडरशिप ग्रुप में शामिल किया गया, ताकि भविष्य में कप्तानी की जिम्मेदारी संभालने के लिए वह पूरी तरह तैयार रहें।
रिंकू सिंह पिछले कुछ वर्षों में सिर्फ एक फिनिशर के रूप में ही नहीं, बल्कि एक जिम्मेदार खिलाड़ी के तौर पर भी अपनी पहचान बना चुके हैं। मैदान पर उनका शांत स्वभाव और दबाव में बेहतर फैसले लेने की क्षमता उन्हें कप्तानी का मजबूत दावेदार बनाती है।
युवा कप्तानों की खड़ी है फ़ौज
आईपीएल में पहले भी कई युवा भारतीय खिलाड़ियों को कप्तानी की जिम्मेदारी मिल चुकी है। शुभमन गिल गुजरात टाइटंस की कमान संभाल रहे हैं, श्रेयस अय्यर पंजाब किंग्स और रजत पाटीदार आरसीबी के कप्तान की भूमिका निभा रहे हैं। ऐसे में अगर केकेआर रिंकू सिंह पर भरोसा जताती है, तो यह फैसला बिल्कुल भी चौंकाने वाला नहीं होगा। रिंकू के पास आईपीएल का अच्छा अनुभव है और वह कप्तानी की जिम्मेदारी निभा सकते हैं।


Click it and Unblock the Notifications
