कहां होगा क्रिकेटर शापूर जादरान का अंतिम संस्कार? भारत या अफगानिस्तान? रो पड़े राशिद खान
Shapoor Zadran: अफगानिस्तान के पूर्व क्रिकेटर शापूर जादरान का मंगलवार को दिल्ली एनसीआर के एक अस्पताल में निधन हो गया था। महज 38 साल की उम्र में इस क्रिकेटर ने दुनिया को अलविदा कह दिया। लंबी बीमारी के बाद आख़िरकार जादरान का निधन हो गया था। अस्पताल में उनके भाई घमई जादरान उनके साथ में थे।
अपने जन्मदिन से महज एक दिन पहले दुनिया को छोड़कर जाने वाले इस क्रिकेटर के लिए दुनिया भर से ट्रिब्यूट वाले मैसेज आ रहे हैं। सोशल मीडिया पर हर कोई हैरान है। इस बीच उनके साथ खेल चुके क्रिकेटर राशिद खान भी भावुक हो गए हैं।

भावुक हो गए राशिद खान
राशिद खान ने शापुर जादरान का फोटो डालते हुए लिखा कि भारी मन और नम आंखों के साथ मैं अपने एक बेहद प्यारे दोस्त को अंतिम विदाई दे रहा हूं। तुम्हारे साथ बिताई गई हँसी, अनगिनत यादें और हर किसी के प्रति तुम्हारी सच्ची मोहब्बत और दरियादिली हमेशा याद रहेगी। तुम्हारे बिना ज़िंदगी पहले जैसी कभी नहीं रहेगी। तुम हमेशा मेरे दिल में एक खास जगह बनाए रखोगे। ईश्वर तुम्हारी आत्मा को शांति दे। मेरे प्यारे दोस्त, अलविदा। फिर कभी किसी मोड़ पर मुलाकात होगी।
कहां होगा शापूर जादरान का अंतिम संस्कार
फैंस के मन में एक सवाल है कि शापूर जादरान का निधन भारत में हुआ है, तो उनका अंतिम संस्कार कहां किया जाएगा। शापूर के भाई घमई जादरान ने इसकी जानकारी दी है। अपने इंस्टाग्राम पर भावुक पोस्ट लिखते हुए अंतिम संस्कार के बारे में बताया गया है।
उन्होंने लिखा कि भारी मन के साथ मैं अपने प्यारे भाई शापूर जादरान के इंतकाल की खबर साझा कर रहा हूं। उनका पार्थिव शरीर कल दिल्ली से आने वाली उड़ान से रवाना होगा। यह उड़ान दोपहर 3:10 बजे दिल्ली से चलेगी और शाम 4:30 बजे काबुल अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पहुंचेगी। अल्लाह मेरे भाई को जन्नत-उल-फिरदौस में सबसे ऊंचा मुकाम अता फरमाए और हमारे पूरे परिवार को इस कठिन घड़ी में सब्र और हिम्मत दे।
किस बीमारी से हुआ निधन?
उनको हीमोफैगोसाइटिक लिम्फोहिस्टियोसाइटोसिस (Hemophagocytic Lymphohistiocytosis - HLH) नामक दुर्लभ बीमारी थी, इसमें शरीर की प्रतिरोधक प्रणाली असामान्य रूप से सक्रिय होती है और स्वस्थ कोशिकाओं के ऊपर हमला करती है। इससे शरीर के मुख्य ऑर्गन्स पर असर पड़ता है और कंडीशन खतरनाक होने पर मौत हो जाती है।












Click it and Unblock the Notifications