Nidhas Trophy Final: आखिरी गेंद पर छक्का लगाकर दिलाई जीत, ये है दिनेश कार्तिक की पांच यादगार पारियां
Happy Birthday Dinesh Karthik: भारतीय क्रिकेट टीम के विकेटकीपर बल्लेबाज दिनेश कार्तिक ने टीम के लिए कई यादगार पारियां खेली हैं।

Nidhas Trophy Final, Dinesh Karthik: साल 2004 में टीम इंडिया के लिए डेब्यू करने वाले दिनेश कार्तिक आज अपना 38वां जन्मदिन मना रहे हैं। 38 साल की उम्र में भी दिनेश कार्तिक का क्रिकेट से प्यार कम नहीं हुआ है। पिछले साल दिनेश कार्तिक ने भारत के लिए टी-20 वर्ल्ड कप खेला था वहीं इस सीजन आईपीएल में वह आरसीबी की तरफ से खेलते नजर आए थे।
दिनेश कार्तिक का जन्मदिन: दिनेश कार्तिक का नाम भारतीय टीम के फिनिशर बल्लेबाजों में गिना जाता है। पिछले साल टी-20 वर्ल्ड कप में दिनेश कार्तिक को बतौर फिनिशर टीम में शामिल किया गया था। वहीं आईपीएल में वह आरसीबी के लिए पिछले दो सालों से यह काम कर रहे हैं। कार्तिक का जन्म 1 जून 1985 को तमिलनाडु के तूतूकुड़ी में हुआ था।
निदहास ट्रॉफी के फाइनल में किया कमाल: श्रीलंका के कोलंबो में साल 2018 के निदहास ट्रॉफी के फाइनल मैच में दिनेश कार्तिक हीरो बनकर सामने आए थे। बांग्लादेश के खिलाफ भारत को जीत के लिए 166 रनों की जरूरत थी। अंतिम 12 गेंदों पर भारत को जीत के लिए 34 रन चाहिए थे। ऐसे में कार्तिक ने 8 गेंदों पर 29 रन बनाकर टीम को जीत दिला दी। कार्तिक ने आखिरी गेंद पर छक्का जड़कर जीत हासिल किया, जिसे फैंस शायद ही कभी भुला सकें।
दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ खेली यादगार पारी: साल 2010 में दिनेश कार्तिक ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ अपने वनडे करियर का सार्वधिक स्कोर बनाया। इस मैच में मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर ने वनडे क्रिकेट में पहला दोहरा शतक लगाया। दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ कार्तिक तेंदुलकर का बेहतरीन साथ दिया और 85 गेंदों पर 79 रन बनाए। जिसकी बदौलत भारत ने 50 ओवरों में 401 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया।
टेस्ट में भी चला बल्ला: इंग्लैंड के खिलाफ लंदन के ओवल में बल्लेबाजी करते हुए दिनेश कार्तिक ने 91 रनों की तूफानी पारी खेली। कार्तिक की यह टेस्ट की सबसे बेहतरीन पारियों में से एक थी। कार्तिक ने अपनी पारी के दौरान 151 गेंदों का सामना किया। इस दौरान उन्होंने एक छक्का और 10 चौका लगाकर भारत के स्कोर को 664 रनों तक पहुंचा दिया।
बांग्लादेश के खिलाफ जड़ा शतक: साल 2007 में टेस्ट क्रिकेट में दिनेश कार्तिन ने अपना पहला शतक लगाया। टेस्ट क्रिकेट में कार्तिक के नाम एक ही शतक है जो उन्होंने बांग्लादेश के खिलाफ लगाया था। इस पारी में कार्तिक ने कुल 16 चौके लगाए। इस मुकाबले में भारत ने अपनी पारी 610 रनों पर घोषित कर दी। इसके बाद एक पारी और 239 रनों से टेस्ट जीत लिया।
वेस्टइंडीज के खिलाफ खेली कमाल की पारी: साल 2007 में दिनेश कार्तिक ने एक और यादगार पारी खेली। वेस्टइंडीज के खिलाफ वनडे मैच में एक मुश्किल पिच पर कार्तिक ने 87 गेंदों पर 63 रनों की पारी खेलकर भारत को 189 रन के स्कोर तक पहुंचाया। इसके जवाब में वेस्टइंडीज की पूरी टीम महज 169 रनों पर ढेर हो गई।












Click it and Unblock the Notifications