World Cup में क्या होता है राउंड रॉबिन फॉर्मेट? पहली बार इस फॉर्मेट में किस टीम ने जीती ट्रॉफी
ICC Cricket World Cup 2023: भारत की मेजबानी में हो रहे वर्ल्ड कप की शुरुआत 5 अक्टूबर से होने जा रही है। टूर्नामेंट का फाइनल मैच 19 नवंबर, 2023 को अहमदाबाद में खेला जाएगा। इस दौरान भारत के 10 स्थानों पर कुल 48 मैच खेले जाएंगे। इस बार वर्ल्ड कप के मुकाबले राउंड रॉबिन फॉर्मेट (Round-Robin Format) में खेले जाएंगे। आइए इस फॉर्मेट के बारे में विस्तार से जानते हैं।
अब तक दो बार राउंड-रॉबिन फॉर्मेट में हो चुका है मैच
आईसीसी क्रिकेट विश्व कप 2023 में कुल 10 देश भाग लेंगे। इस बार के विश्व का फॉर्मेट साल 2019 के वर्ल्ड कप एडिशन के अनुरूप ही होगा, जिसमें राउंड-रॉबिन और नॉकआउट चरण शामिल हैं। आईसीसी वनडे वर्ल्ड कप को पहली बार 1992 में राउंड रॉबिन फॉर्मेट में खेला गया था। इसके बाद साल 2019 और अब तीसरी बार 2023 में फॉर्मेट में टूर्नामेंट खेला जा रहा है।

राउंड रॉबिन फॉर्मेट के तहत कैसे खेले जाएंगे मैच
राउंड-रॉबिन चरण के दौरान दस टीमें एक बार एक-दूसरे का सामना करती हैं। इसका मतलब है कि प्रत्येक टीम को पहले दौर में नौ मैचों का मौका मिलता है। इस फॉर्मेट के तहत सभी टीमों के लिए एक निष्पक्ष टूर्नामेंट खेलने को मिलता है। इस फॉर्मेट में पहली बार 1992 में पाकिस्तान विश्वकप विजेता बना था और दूसरी बार 2019 में इंग्लैंड ने ट्रॉफी जीती थी।
राउंड-रॉबिन चरण के बाद सेमीफाइनल के दावेदारों का निर्धारण किया जाता है। अंक तालिका में टॉप चार टीमें नॉकआउट चरण में उतरेंगी। पहले सेमीफाइनल में पहले और चौथे स्थान पर रहने वाली टीमें आपस में भिड़ेंगी। इसी तरह दूसरे सेमीफाइनल में वे टीमें शामिल होती हैं जो लीग चरण में दूसरे और तीसरे स्थान पर रहती हैं। इन हाई-वोल्टेज सेमीफाइनल के विजेता 19 नवंबर को विश्व कप 2023 के फाइनल में भिड़ेंगे।
मुंबई का प्रतिष्ठित वानखेड़े स्टेडियम 15 नवंबर को पहले सेमीफाइनल की मेजबानी करेगा, उसके बाद 16 नवंबर को कोलकाता के ईडन गार्डन्स में दूसरा सेमीफाइनल होगा। फाइनल मुकाबला अहमदाबाद में खेला जाएगा। फिलहाल, आईसीसी क्रिकेट विश्व कप 2023 के लिए काउंट डाउन शुरू हो चुका है।












Click it and Unblock the Notifications