WI vs ENG: शाई होप के नाम दर्ज हुई बड़ी उपलब्धि, इस महारिकॉर्ड में की रिचर्ड्स और कोहली की बराबरी
West Indies vs England: वेस्टइंडीज के कप्तान शाई होप ने कहा है कि एंटीगुआ में इंग्लैंड के खिलाफ शतक के बाद सर विवियन रिचर्ड्स के रिकॉर्ड की बराबरी करके बहुत अच्छा लग रहा है। होप ने वेस्टइंडीज को तीन मैचों की सीरीज के पहले वनडे में इंग्लैंड के खिलाफ चार विकेट से जीत दिलाई।
रिचर्ड्स और विराट कोहली के बराबर पहुंचे होप
होप संयुक्त रूप से सबसे तेज 5000 वनडे रन बनाने वाले वेस्टइंडीज के खिलाड़ी बन गए, जबकि कुल मिलाकर तीसरे सबसे तेज खिलाड़ी बन गए। होप रिचर्ड्स और भारत के बल्लेबाज विराट कोहली (114 पारियों) के बराबर पहुंच गए और पाकिस्तान के बल्लेबाज बाबर आजम (97) और दक्षिण अफ्रीका के पूर्व बल्लेबाज हाशिम अमला (101) के बाद तीसरे सबसे तेज 5000 वनडे रन बनाने वाले खिलाड़ी बन गए।

होप ने खेली नाबाद 109 रन की पारी
खेल के बाद अपनी उपलब्धि के बारे में बोलते हुए होप ने कहा कि रिचर्ड्स के रिकॉर्ड की बराबरी करना बहुत अच्छा लग रहा है, साथ ही उन्होंने कहा कि वह टीम की जीत में योगदान देकर खुश हैं। होप ने सिर्फ 83 गेंदों पर 7 छक्कों और 4 चौकों की मदद से नाबाद 109 रन बनाए।
होप ने कहा कि, 'यह बहुत अच्छा लगता है (विव रिचर्ड्स की बराबरी करना)। जैसा कि मैंने कहा यह ख़ुशी की बात है कि मैंने जीत में योगदान दिया। मैं बहुत खुश हूं कि हम उम्मीद से आगे गए, यह बहुत ही सुखद है।
मैच की बात करें तो पहले वनडे में इंग्लैंड के खिलाफ 326 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए वेस्टइंडीज की टीम 40वें ओवर की समाप्ति पर 5 विकेट पर 220 रन पर थी। एंटीगुआ में शिम्रोन हेटमायर और शेरफेन रदरफोर्ड को जल्दी-जल्दी खोने के बाद, वेस्टइंडीज को आखिरी 10 ओवरों में 106 रनों की जरूरत थी।
हालांकि, कप्तान शाई होप और मुंबई इंडियंस के नए खिलाड़ी रोमारियो शेफर्ड ने अंत के ओवरों में शानदार प्रदर्शन किया और वेस्टइंडीज ने 7 गेंद शेष रहते लक्ष्य हासिल कर लिया।












Click it and Unblock the Notifications