आसमान में मंडराती मिसाइलों ने रोकी वेस्टइंडीज की सांसें, विश्व कप के बाद फंस गई टीम, नहीं लौट पाई अपने देश
T20 World Cup 2026: टी20 वर्ल्ड कप 2026 में अपने सफर के खत्म होने के बाद वेस्टइंडीज क्रिकेट टीम को एक नई मुसीबत का सामना करना पड़ रहा है। सुपर-8 चरण से बाहर होने के बाद कैरेबियाई टीम को भारत से स्वदेश लौटना था, लेकिन खाड़ी क्षेत्र में बढ़ते सैन्य तनाव और युद्ध की स्थिति के कारण उनकी वापसी टल गई है।
अंतरराष्ट्रीय हवाई क्षेत्र पर लगे प्रतिबंधों की वजह से टीम इंडिया को हराने का सपना संजोने वाली यह टीम फिलहाल भारत में ही रुकी हुई है। क्रिकेट वेस्टइंडीज (CWI) ने आधिकारिक तौर पर पुष्टि की है कि मिडिल ईस्ट में जारी सैन्य कार्रवाई और सुरक्षा खतरों के चलते कई अंतरराष्ट्रीय उड़ान मार्गों को बदल दिया गया है या बंद कर दिया गया है।

बोर्ड ने अपने बयान में स्पष्ट किया कि खिलाड़ियों, कोचिंग स्टाफ और अधिकारियों की सुरक्षा उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। सुरक्षा जोखिमों को देखते हुए एयरलाइंस ने अपनी सेवाओं में बदलाव किया है, जिसका सीधा असर वेस्टइंडीज टीम के यात्रा कार्यक्रम पर पड़ा है।
भारत में सुरक्षित है टीम, ICC से संपर्क जारी
वेस्टइंडीज बोर्ड फिलहाल अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC), संबंधित सरकारी अधिकारियों और एयरलाइन पार्टनर्स के साथ लगातार संपर्क में है। बोर्ड का लक्ष्य है कि जैसे ही कोई सुरक्षित मार्ग उपलब्ध हो, टीम को जल्द से जल्द रवाना किया जाए। फिलहाल पूरी टीम भारत में एक सुरक्षित स्थान पर ठहरी हुई है और स्थिति पर करीब से नजर रखी जा रही है।
सुपर-8 में हार के साथ खत्म हुआ सफर
वेस्टइंडीज की टीम इस वर्ल्ड कप में शानदार फॉर्म में थी और लीग स्टेज में अजेय रही थी। हालांकि, ईडन गार्डन्स में भारत के खिलाफ खेले गए अपने आखिरी सुपर-8 मैच में उसे 5 विकेट से करारी हार का सामना करना पड़ा। वेस्टइंडीज ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 195 रनों का मजबूत स्कोर खड़ा किया था, लेकिन संजू सैमसन की 97 रनों की तूफानी पारी ने कैरेबियाई टीम की उम्मीदों पर पानी फेर दिया। इस हार के साथ ही दो बार की चैंपियन टीम सेमीफाइनल की रेस से बाहर हो गई।












Click it and Unblock the Notifications