ENG vs PAK: हार के बाद छलका बाबर आजम का दुख, बल्लेबाजों के सिर पर फोड़ा ठीकरा
टी20 विश्व कप 2022 के फाइनल में इंग्लैंड ने पाकिस्तान को 5 विकेट से मात देकर दूसरी बार टी20 चैंपियन का खिताब अपने नाम किया है। इंग्लैंड के हाथों मिली इस हार के बाद पाकिस्तानी कप्तान बाबर आजम की पहली प्रतिक्रिया आई है। बाबर आजम ने हार के लिए बल्लेबाजों को दोषी ठहराते हुए कहा है कि ऐसी हार से बहुत दुख होता है। बाबर आजम ने कहा है कि फाइनल जैसे बड़े मैच को देखते हुए हम बल्लेबाजी के दौरान 20 रन पीछे रह गए। इसके अलावा बाबर ने शाहीन अफरीदी के चोटिल होने को भी हार की वजह माना।

क्या कहा बाबर ने?
मैच के बाद बाबर आजम ने कहा,"इस जीत के लिए इंग्लैंड को बधाई, उन्होंने अच्छी फाइट की, हमें यहां एकदम घर जैसा महसूस हुआ। हमें समर्थन करने आए लोगों के लिए धन्यवाद। मैंने अपने प्लेयरों को अपनास्वाभाविक खेल खेलने के लिए कहा था, लेकिन हम कहीं न कहीं 20 रन पीछे रह गए। हालांकि गेंद से लड़कों ने अच्छा प्रदर्शन किया। मैं गर्व के साथ कह सकता हूं कि हमारे पास दुनिया का सबसे बेहतरीन बॉलिंग अटैक है। दुर्भाग्य से शाहीन की चोट ने हमें मैच में पीछे कर दिया, लेकिन यह खेल का हिस्सा है।'
ज्यादा डॉट गेंदें भी रहीं हार की वजह- बाबर आजम
बाबर आजम ने आगे कहा कि बल्लेबाजी के दौरान हमें मोमेंटम नहीं मिला, क्योंकि हमारे विकेट लगातार गिरते चले गए, हमने जो टारगेट सेट किया था हम उस तक नहीं पहुंच सके। बाबर ने आगे कहा कि हम बल्लेबाजों के कारण ही मैच हार गए। बैटिंग के दौरान हम 20 रन शॉर्ट रह गए, लेकिन मुझे गर्व है कि हम फाइनल तक पहुंचे, लेकिन दुख इस बात का है कि हम इसे अच्छे से खत्म नहीं कर पाए। इस दौरान बाबर आजम ने बल्लेबाजी के दौरान डॉट गेंदों को भी हार का कारण माना। बाबर ने कहा कि हमने बीच के ओवरों में बहुत ज्यादा गेंदें डॉट खेली, हम साझेदारी भी नहीं कर पाए। इसके अलावा शाहीन अफरीदी का चोटिल होना भी हार का कारण रहा।












Click it and Unblock the Notifications