WCL 2025: भारत-पाक महामुकाबले में युवराज होंगे कप्तान, 20 जुलाई को होगी टक्कर
WCL 2025 Yuvraj Singh: भारत के पूर्व ऑलराउंडर खिलाड़ी युवराज सिंह एक बार फिर क्रिकेट के मैदान पर लौटने को तैयार हैं। वे वर्ल्ड चैंपियनशिप ऑफ लीजेंड्स (WCL) 2025 में इंडिया चैंपियन टीम के कप्तान होंगे। टूर्नामेंट का दूसरा संस्करण 18 जुलाई से इंग्लैंड के चार अलग-अलग मैदानों में खेला जाएगा। एजबेस्टन (बर्मिंघम), काउंटी ग्राउंड (नॉर्थहैम्पटन), ग्रेस रोड (लीसेस्टर) और हेडिंग्ले (लीड्स) में टूर्नामेंट के सभी मुकाबले होंगे।
मजबूत नजर आ रही है भारतीय टीम (WCL 2025 Yuvraj Singh)
भारत की टीम इस बार और भी मजबूत नजर आ रही है। बल्लेबाज़ी में शिखर धवन, रॉबिन उथप्पा, अंबाती रायुडू, यूसुफ पठान और गुरकीरत मान जैसे बड़े नाम होंगे। इरफान पठान और स्टुअर्ट बिन्नी ऑलराउंडर की भूमिका निभाएंगे। गेंदबाज़ी की कमान हरभजन सिंह, पियूष चावला, सिद्धार्थ कौल, वरुण एरॉन, विनय कुमार, अभिमन्यु मिथुन और पवन नेगी संभालेंगे।

पाकिस्तान को हराकर जीता था खिताब
WCL 2024 में भारत ने फाइनल में पाकिस्तान को हराकर खिताब जीता था, और अब टीम एक बार फिर अपने खिताब की रक्षा करेगी। भारत का पहला मुकाबला 20 जुलाई को पाकिस्तान के खिलाफ होगा। इसके बाद टीम 22 जुलाई को साउथ अफ्रीका, 26 जुलाई को ऑस्ट्रेलिया, 27 जुलाई को इंग्लैंड, और 29 जुलाई को वेस्टइंडीज से भिड़ेगी।
कुल 6 टीमें खेलेंगी टूर्नामेंट
इस टूर्नामेंट में कुल 6 टीमें खेलेंगी और सभी टीमें राउंड-रॉबिन फॉर्मेट में एक-दूसरे से खेलेंगी। शीर्ष 4 टीमें सेमीफाइनल में पहुंचेंगी। फाइनल मुकाबला 2 अगस्त को खेला जाएगा। भारतीय टीम एक बार फिर जीत की बड़ी दावेदार मानी जा रही है। युवराज सिंह की कप्तानी में टीम की कोशिश खिताब को अपने नाम करने की होगी।
भारत की टीम (WCL 2 के लिए)
युवराज सिंह (कप्तान), शिखर धवन, रॉबिन उथप्पा, अंबाती रायुडू, सुरेश रैना, इरफान पठान, यूसुफ पठान, हरभजन सिंह, पियूष चावला, स्टुअर्ट बिन्नी, गुरकीरत मान, विनय कुमार, सिद्धार्थ कौल, वरुण एरॉन, अभिमन्यु मिथुन, पवन नेगी।












Click it and Unblock the Notifications