जिम्बाब्वे दौरे से पहले Team India को लगा बड़ा झटका, स्टार खिलाड़ी हुआ चोटिल
18 अगस्त से जिम्बाब्वे के खिलाफ शुरू होने वाली 3 मैचों की वनडे सीरीज से पहले भारतीय टीम (Team India) के लिए एक बुरी खबर सामने आ रही है।
नई दिल्ली, 11अगस्त: 18 अगस्त से जिम्बाब्वे के खिलाफ शुरू होने वाली 3 मैचों की वनडे सीरीज से पहले भारतीय टीम (Team India) के लिए एक बुरी खबर सामने आ रही है। दरअसल, स्टार ऑलराउंडर वॉशिंगटन सुंदर (Washington Sundar) चोटिल हो गए हैं। सुंदर इंग्लैंड में काउंटी मुकाबला खेलते वक्त चोटिल हुए। वह रॉयल लंदन कप में लंकाशायर की ओर से खेल रहे हैं। वॉशिंगटन बुधवार को वूरस्टरशायर के खिलाफ वनडे मैच में हिस्सा ले रहे थे और इसी दौरान फील्डिंग करते हुए उनके कंधे में चोट लग गई, जिसके बाद उन्हें मैदान से बाहर जाना पड़ा।
ये भी पढ़ें- जिम्बाब्वे दौरे के लिए Team India का ऐलान, चाहर और सुंदर की वापसी; विराट कोहली को आराम

बाएं कंधे में लगी चोट
सुंदर के बाएं कंधे में चोट आई है। रिपोर्ट के मुताबिक वह कंधे के बल पर ही जमीन पर गिर गए थे। हालांकि, उनकी चोट कितनी गंभीर है इस बात की कोई जानकारी सामने नहीं आई है। इसके साथ ही सुंदर के जिम्बाब्वे सीरीज में खेलने पर अब खतरे के बदल मंडराने लगे हैं। अगर वह इस दौरे से बाहर होते हैं तो ये उनके लिए एक बड़ा झटका होगा।

इंजरी से परेशान है वॉशिंगटन
वॉशिंगटन सुंदर पिछले काफी समय से अपनी इंजरी से परेशान है। पिछले साल ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ गाबा टेस्ट में मिली यादगार जीत के बाद से वो टीम इंडिया के प्लान का हिस्सा थे, लेकिन चोट का उनके करियर पर बहुत बुरा असर पड़ा। पिछले लगभग दो सालों में वह इंजरी के चलते कई सीरीज का हिस्सा नहीं बन सके हैं। इसी साल आईपीएल 2022 में भी सनराइजर्स हैदराबाद की ओर से खेलते हुए वो चोटिल हो गए थे, जिसके बाद उनको कई मैचों से बाहर बैठना पड़ा था।

छोटे से करियर में किया प्रभावित
22 वर्षीय वॉशिंगटन सुंदर ने भारत के लिए 4 टेस्ट मैचों में 66.25 की औसत से कुल 265 रन बनाए हैं और 6 विकेट भी लेने में सफल रहे। वहीं, 4 वनडे में उनके नाम पर 57 रन और 5 विकेट दर्ज है। 31 T20I मुकाबलों में युवा ऑलराउंडर ने 47 रन बनाने के अलावा 25 विकेट भी चटकाए हैं। टीम इंडिया के लिए उन्होंने अपना आखिरी इंटरनेशनल मैच इसी साल फरवरी में वेस्टइंडीज के खिलाफ खेला था।

जिम्बाब्वे दौरे के लिए चुनी गई टीम भारतीय टीम
टीम इंडिया: शिखर धवन (कप्तान), ऋतुराज गायकवाड़, शुभमन गिल, दीपक हुड्डा, राहुल त्रिपाठी, ईशान किशन (विकेटकीपर), संजू सैमसन (विकेटकीपर), वॉशिंगटन सुंदर, शार्दुल ठाकुर, कुलदीप यादव, अक्षर पटेल, अवेश खान, प्रसिद्ध कृष्णा, मोहम्मद सिराज, दीपक चाहर।
3 मैचों की सीरीज का शेड्यूल
- पहला वनडे: 18 अगस्त, हरारे स्पोर्ट्स क्लब
- दूसरा वनडे: 20 अगस्त, हरारे स्पोर्ट्स क्लब
- तीसरा वनडे: 22 अगस्त, हरारे स्पोर्ट्स क्लब












Click it and Unblock the Notifications