Washington Sundar सुपरस्टार बन सकते हैं मगर टीम में जगह मिलनी चाहिए, पूर्व खिलाड़ी का बड़ा दावा
वॉशिंगटन सुंदर ने न्यूजीलैंड दौरे पर बेहतरीन खेल का प्रदर्शन करते हुए दिखाया था कि वह किस क्लास के खिलाड़ी हैं। उन्होंने एक फिफ्टी भी वहां जमाई थी। आकाश चोपड़ा उनमें एक सुपरस्टार खिलाड़ी देखते हैं।
Aakash Chopra on Washington Sundar: न्यूजीलैंड दौरे पर भारतीय टीम के लिए प्रभावशाली प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों में वॉशिंगटन सुंदर का नाम भी शामिल है। क्राइस्टचर्च में खेले गए अंतिम वनडे मैच में सुंदर ने बेहतरीन अर्धशतक जमाया। वह टीम के लिए सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज थे। निचले क्रम के बल्लेबाजों के साथ उन्होंने कुछ साझेदारियां की। वॉशिंगटन सुंदर में आकाश चोपड़ा एक सुपरस्टार देखते हैं। चोपड़ा ने कहा कि टीम में उनके लिए जगह होनी चाहिए।

वॉशिंगटन सुंदर में सुपरस्टार के गुण
अपने यूट्यूब चैनल पर आकाश चोपड़ा ने कहा कि वॉशिंगटन सुंदर के लिए टीम में जगह बनानी चाहिए। अगर आप उनमें इन्वेस्ट करते हैं और वह चोट का शिकार नहीं होते हैं, तो वह भारतीय क्रिकेट में रॉकस्टार खिलाड़ी साबित हो सकते हैं। उनमें कौशल, क्षमता आदि सब चीजें हैं जो एक सुपरस्टार में होनी चाहिए।

ऑल राउंडर के बारे में सोचना होगा
चोपड़ा ने कहा कि आप ऑल राउंडर के बारे में सिर्फ रविन्द्र जडेजा पर आकर अटक जाते हो। अक्षर पटेल और रविचंद्रन अश्विन के बारे में सोचा जा सकता है। मुझे लगता है कि वॉशिंगटन सुंदर एक शनदार ऑल राउंडर हैं। न्यूजीलैंड सीरीज में उन्होंने दिखाया है कि मौका मिलने पर वह गेंदबाजी कर सकते हैं और कंडीशन थोड़ी पक्ष में हो तो उनको दस ओवर भी कराये जा सकते हैं। टी20 क्रिकेट में तो वह पहले से ही गेंदबाजी करते हैं।

भारतीय टीम अब बांग्लादेश में खेलेगी
न्यूजीलैंड के खिलाफ सीरीज पूरी होने के बाद टीम इंडिया अब बांग्लादेश के खिलाफ एकदिवसीय सीरीज में खेलेगी। तीन मैचों की सीरीज का पहला मैच 4 दिसम्बर को खेला जाना है। वनडे सीरीज के बाद टेस्ट सीरीज भी खेली जाएगी। टीम इंडिया में संजू सैमसन को मौका नहीं मिला है। वनडे टीम में एक बार फिर से ऋषभ पन्त को शामिल किया गया है। इशान किशन को दूसरे विकेटकीपर के तौर पर शामिल किया गया है। शुभमन गिल ने भी न्यूजीलैंड में प्रभावशाली खेल दिखाया था लेकिन वह भी टीम में शामिल नहीं हैं। सीनियर खिलाड़ी इस सीरीज के साथ मैदान पर वापसी कर रहे हैं। रोहित शर्मा फिर से कप्तानी करते हुए दिखाई देंगे।












Click it and Unblock the Notifications