MLC Final 2024: स्टीव स्मिथ की तूफानी पारी ने टीम को बनाया चैंपियन, वाशिंगटन फ्रीडम ने जीता खिताब
MLC 2024, Washington Freedom: मेजर लीग क्रिकेट (MLC) के फाइनल मुकाबले को वाशिंगटन फ्रीडम ने जीतकर खिताब अपने नाम कर लिया है। फाइनल मैच में स्टीव स्मिथ की कप्तानी वाली वाशिंगटन फ्रीडम ने सैन फ्रांसिस्को यूनिकॉर्न्स पर दमदार जीत दर्ज की। वाशिंगटन फ्रीडम ने 96 रन की शानदार जीत के साथ खिताब जीतने में कामयाबी हासिल की।
स्टीव स्मिथ ने खेली कप्तानी पारी
इस जीत में वाशिंगटन फ्रीडम के कप्तान स्टीव स्मिथ और मार्को जेनसन की अहम भूमिका रही। डलास के ग्रैंड प्रेयरी स्टेडियम में खेले गए फाइनल में वाशिंगटन फ्रीडम ने पहले बल्लेबाजी की। ट्रैविस हेड की गैर मौजूदगी में स्टीव स्मिथ ने बल्ले से धमाकेदार प्रदर्शन किया। उन्होंने 52 गेंदों पर 88 रन बनाए, जिसमें छह छक्के और सात चौके शामिल थे, और उनका स्ट्राइक रेट 169.23 रहा।

ग्लेन मैक्सवेल का भी चला बल्ला
कप्तान स्टीव स्मिथ के अलावा ग्लेन मैक्सवेल ने भी 22 गेंदों पर 40 रन बनाने का काम किया। दोनों ने मिलकर टीम को निर्धारित 20 ओवरों में 5 विकेट पर 207 रन तक पहुंचाया। स्मिथ और मैक्सवेल के अलावा मुख्तार अहमद ने 9 गेंदों पर 19 रन जोड़े। जबकि ओबास पीनार ने 9 गेंद पर 13 रन बनाकर पारी को अच्छे स्कोर पर समाप्त किया।
वॉशिंगटन फ्रीडम ने बड़े अंतर से जीता मुकाबला
दूसरी तरफ 208 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए सैन फ्रांसिस्को यूनिकॉर्न्स की टीम शुरुआत में ही लड़खड़ा गई और 16 ओवर में सिर्फ़ 111 रन पर ऑल आउट हो गई। यूनिकॉर्न्स के लिए कार्मी ली रॉक्स ने सबसे अधिक नाबाद 20 रन बनाए रहे। वाशिंगटन फ्रीडम के लिए मार्को जेनसन ने शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने अपने चार ओवर में 28 रन देकर तीन विकेट लिए। रचिन रवींद्र ने भी चार ओवर में सिर्फ़ 23 रन देकर तीन विकेट चटकाए।
स्टीव स्मिथ के लिए यादगार सीजन
एंड्रयू टाई ने अपने दो ओवर में महज 12 रन देकर दो विकेट चटकाए। इसके अलावा सौरभ नेत्रवकर और ग्लेन मैक्सवेल ने एक-एक विकेट लेकर टीम की ओर से बेहतरीन गेंदबाजी की। यह सीज़न स्टीव स्मिथ के लिए ख़ास रहा। फ़ाइनल में उनके छह छक्कों ने टूर्नामेंट में उनके कुल छक्कों की संख्या 21 कर दी। नौ पारियों में उन्होंने 336 रन बनाए, जिससे वे लीग के तीसरे सबसे ज़्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी बन गए।












Click it and Unblock the Notifications