इंग्लैंड के खिलाफ वनडे सीरीज खत्म होने के बाद UK में ही रहेंगे कोहली, फैमिली के साथ बिताएंगे समय
लंदन, जुलाई 17। टीम इंडिया के पूर्व कप्तान विराट कोहली इस वक्त करियर के सबसे बुरे दौर से गुजर रहे हैं। इंग्लैंड में टेस्ट, टी20 और अब वनडे सीरीज में विराट कोहली का बल्ला पूरी तरह से शांत है। इंग्लैंड के खिलाफ आज तीसरा और आखिरी वनडे मैच है, जिसके बाद भारतीय टीम वेस्टइंडीज के लिए रवाना होगी, जहां तीन टी20 और तीन वनडे मैचों की सीरीज होगी, लेकिन कोहली दोनों ही सीरीज में टीम का हिस्सा नहीं होंगे, क्योंकि उन्हें आराम दिया गया है। ऐसी खबरें हैं कि विराट कोहली इंग्लैंड के खिलाफ सीरीज खत्म होने के बाद लंदन में ही रूकेंगे।

परिवार के साथ समय बिताएंगे कोहली
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, विराट कोहली इंग्लैंड के खिलाफ सीरीज खत्म होने के बाद यूके में ही रहेंगे, जहां वो परिवार के साथ समय बिताएंगे। आपको बता दें कि विराट की पत्नी अनुष्का शर्मा और उनकी बेटी पहले से ही लंदन में है और ऐसी संभावना है कि विराट की मां और परिवार के 1-2 सदस्य और इस फैमिली हॉलीडे में शामिल होंगे। हालांकि कुछ ऐसी जानकारी भी है कि विराट के साथ 1-2 खिलाड़ी और यहां हो सकते हैं, जो एशिया कप 2022 की तैयारी भी करेंगे।
एशिया कप की तैयारी शुरू करेंगे कोहली
जानकारी के मुताबिक, इंग्लैंड में विराट कोहली 31 जुलाई तक परिवार के साथ समय बिताएंगे। इसके बाद वो 1 अगस्त से अन्य भारतीय खिलाड़ियों के साथ एशिया कप की तैयारी में जुट जाएंगे। एशिया कप का आगाज 27 अगस्त से श्रीलंका में होना है। आपको बता दें कि विराट कोहली को वेस्टइंडीज के खिलाफ टी20 और वनडे सीरीज से आराम दिया गया है। विराट के अलावा बुमराह और चहल को भी टी20 सीरीज से आराम दिया गया है। वेस्टइंडीज में वनडे सीरीज में शिखर धवन टीम की कप्तानी करते हुए नजर आएंगे।












Click it and Unblock the Notifications