दिल में रह गई अधूरे सपने की निराशा, विराट कोहली ने बताया ऑस्ट्रेलिया से खाली हाथ लौटना कैसा लगा
T20 वर्ल्ड कप में भारतीय क्रिकेट टीम को एडिलेड ओवल में इंग्लैंड के खिलाफ 10 विकेट से करारी हार का सामना करना पड़ा। यह एक ऐसा मुकाबला था जहां भारत किसी भी स्तर पर मैच में नहीं बना हुआ था। इस तरह भारत का एक और विश्वकप अभियान बिना किसी ट्रॉफी के समाप्त हो गया। पिछले साल हुए टी-20 वर्ल्ड कप के बाद से अब तक टीम मैनेजमेंट से लेकर कप्तान तक बेहद बदलाव देखने को मिले थे लेकिन उसका कोई फायदा नहीं मिला।

शांत और संयमित होकर प्रदर्शन किया
भारत एक बार फिर से नॉक आउट स्टेज में बिल्कुल साधारण साबित हुआ और उसकी पुरानी कमियां फिर से खुलने लगी है। जब तक टीम जीत रही थी तब तक सब कुछ ठीक लग रहा था लेकिन इस हार के बाद पता चलता है कि भारतीय टीम में अभी ऐसी खामियां हैं जो उनको आने वाले समय में ठीक करनी होंगी। इन सबके बीच विराट कोहली एक ऐसे खिलाड़ी रहे जिसने इस वर्ल्ड कप में बहुत ही शांत और संयमित होकर प्रदर्शन किया। उन्होंने अपने पहले ही मैच में पाकिस्तान के खिलाफ जो छाप छोड़ी है वह इंग्लैंड के खिलाफ वर्ल्ड कप के सेमीफाइनल मुकाबले में भी जारी रही।

विराट कोहली बिना ट्रॉफी के जाने से निराश
हालांकि कोहली पाकिस्तान के खिलाफ जिस स्ट्राइक रेट से बैटिंग कर पाए थे वह बाद में देखने को नहीं मिला जिसका कहीं ना कहीं भारत को खामियाजा उठाना पड़ा है लेकिन टीम इंडिया की मौजूदा T20 प्लेइंग इलेवन में कोहली की भूमिका अपनी पारी को बाद में तेज करने की होती है और जब वह नहीं हो पाता तब कई बार कोहली की वे धीमी पारियां भारत पर भारी भी पड़ सकती हैं। इसके बावजूद विराट ने इस T20 वर्ल्ड कप में अपने चार अर्धशतक पूरे किए और वह हर तरीके से प्रशंसा के पात्र हैं। एक खिलाड़ी के तौर पर यह प्रतियोगिता खेल रहे विराट कोहली बिना ट्रॉफी के जाने से निराश हैं।

हमारे सपने अधूरे रह गए
उन्होंने सोशल मीडिया पर कहा है कि हम ऑस्ट्रेलिया से विदा ले रहे हैं जबकि हमारे सपने अधूरे रह गए हैं और हमारे दिलों में निराशा है लेकिन हम कई सारी यादों को ले सकते हैं और ग्रुप के तौर पर यहां से और बेहतर करने की ओर आगे बढ़ सकते हैं। इसके साथ ही विराट कोहली ने अपने सभी फैंस का और टीम इंडिया के फैंस का शुक्रिया अदा किया जिन्होंने स्टेडियम में आकर सभी मैचों में भारतीय क्रिकेट टीम का हौसला बढ़ाया। कोहली कहते हैं कि वह इस जर्सी में देश को रिप्रजेंट करके हमेशा गर्व महसूस करते हैं। जब राहुल द्रविड़ से विराट कोहली के भविष्य के बारे में बात की गई तो हेड कोच ने कहा कि अभी सीनियर खिलाड़ियों के फ्यूचर पर बात करने का यह सही समय नहीं है और अभी भी इन खिलाड़ियों में कुछ क्रिकेट बाकी है।












Click it and Unblock the Notifications