'खेल के प्रति आपका जुनून हमेशा याद रहेगा गब्बर', धवन को लेकर कोहली ने किया दिल छू लेने वाला पोस्ट
Virat Kohli On Shikhar Dhawan Retirement: टीम इंडिया के बेहतरीन ओपनर शिखर धवन ने 24 अगस्त को अंतरराष्ट्रीय और घरेलू क्रिकेट से संन्यास की घोषणा की। इस घोषणा के बाद सोशल मीडिया पर उनके भविष्य के लिए शुभकामनाओं की बाढ़ आ गई। एक दिन बाद विराट कोहली ने धवन के लिए एक भावनात्मक संदेश लिखा है। जिसमें उन्होंने भारतीय क्रिकेट में धवन के योगदान के लिए उन्हें धन्यवाद किया है।
कोहली ने किया दिल छू लेने वाला पोस्ट
कोहली ने दिल को छू लेने वाले पोस्ट में धवन को भारत का सबसे भरोसेमंद ओपनर बताया। उन्होंने लिखा कि खेल के प्रति आपका जुनून, आपकी खेल भावना और आपकी खास मुस्कान हमेशा याद आएगी, लेकिन आपकी विरासत हमेशा अमर रहेगी। कोहली ने लिखा कि शिखर धवन आपने निडर डेब्यू से लेकर भारत के सबसे भरोसेमंद ओपनर बनने तक हमें अनगिनत यादें दी हैं। कोहली के ये शब्द फैंस को काफी पसंद आ रहे हैं।

धवन ने कब खेला था अंतिम मैच
शिखर धवन ने भारत के लिए आखिरी बार दिसंबर 2022 में वनडे मैच खेला था। तब से वे टीम से दूर हैं। अपने सफर को याद करते हुए धवन ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो शेयर किया जिसमें उन्होंने अपने रिटायरमेंट की घोषणा की। वीडियो में उन्होंने अपने पूरे करियर में मिले समर्थन के लिए आभार व्यक्त किया।
धवन के शानदार करियर का हुआ अंत
वीडियो में धवन ने कहा कि मैं अपने क्रिकेट सफर का यह अध्याय समाप्त कर रहा हूं। मैं अपने साथ अनगिनत यादें लेकर जा रहा हूं। प्यार और समर्थन के लिए धन्यवाद! जय हिंद! धवन के संन्यास से भारतीय क्रिकेट में एक महत्वपूर्ण युग का अंत हो गया है। प्रमुख टूर्नामेंटों में अपने प्रदर्शन के लिए मिस्टर ICC के नाम से मशहूर धवन ने भारत के लिए 34 टेस्ट, 167 वनडे और 68 टी20 मैच खेले हैं। उन्होंने टेस्ट में 2315 रन, वनडे में 6793 रन और टी20 में 1759 रन बनाए हैं।












Click it and Unblock the Notifications