SRH vs RCB: पहले भयंकर स्लेजिंग, फिर सरेआम किया इग्नोर! Virat Kohli और Travis Head के Video ने मचाया तहलका!
IPL 2026: आईपीएल के मैदान पर जब रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) और सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) की टीमें आमने-सामने हों, तो रोमांच का सातवें आसमान पर होना तय है। शुक्रवार, 22 मई को राजीव गांधी इंटरनेशनल स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में हैदराबाद ने बेंगलुरु को 55 रनों से करारी शिकस्त तो दी, लेकिन महफिल तो मैच के बाद के एक वीडियो ने लूट ली।
सोशल मीडिया पर एक वीडियो आग की तरह फैल रहा है, जिसमें रन-मशीन विराट कोहली और कंगारू ओपनर ट्रेविस हेड के बीच की कड़वाहट साफ नजर आ रही है। मैच खत्म होने के बाद जब दोनों टीमों के खिलाड़ी आपस में हाथ मिला रहे थे, तब किंग कोहली ने बाकी खिलाड़ियों से तो गर्मजोशी दिखाई, लेकिन हेड को पूरी तरह नजरअंदाज करते हुए (Snub) आगे निकल गए। आइए जानतें हैं मैदान पर इस हाई-वोल्टेज ड्रामे की शुरुआत कैसे हुई...

मैदान पर ऐसे भड़की चिंगारी
क्रिकेट के मैदान पर विराट कोहली का एग्रेशन किसी से छिपा नहीं है, और जब सामने ट्रेविस हेड जैसा खतरनाक बल्लेबाज हो, तो पारा चढ़ना लाजमी है। इस ड्रामे की स्क्रिप्ट पहली पारी में ही लिखी जा चुकी थी। जब हैदराबाद की पारी के दौरान रसिक सलाम डार ने ट्रेविस हेड (26 रन) को क्लीन बोल्ड किया, तो कोहली ने बेहद आक्रामक अंदाज में इस विकेट का जश्न मनाया।
इशारों-इशारों में दे डाली चुनौती
बात यहीं खत्म नहीं हुई। जब बेंगलुरु की टीम 256 रनों के पहाड़ जैसे लक्ष्य का पीछा कर रही थी, तब कोहली और हेड के बीच तीखी बहस (Sledging) देखने को मिली। कोहली ने हेड को इशारों-इशारों में गेंदबाजी करने की चुनौती तक दे डाली।
इसके बाद हेड गेंदबाजी करने आए और उन्होंने आरसीबी के कप्तान रजत पाटीदार (56 रन) का बड़ा विकेट चटकाकर कोहली को करारा जवाब दिया। यही वजह थी कि मैच खत्म होने के बाद दोनों के बीच की ये तल्खी हैंडशेक के दौरान भी साफ दिखाई दी।
ईशान और अभिषेक के तूफान में उड़ी RCB
अगर मैच की बात करें तो सनराइजर्स हैदराबाद के बल्लेबाजों ने बेंगलुरु के गेंदबाजों की जमकर रिमांड ली। 'प्लेयर ऑफ द मैच' ईशान किशन ने महज 46 गेंदों में 79 रनों की आतिशी पारी खेली, तो वहीं अभिषेक शर्मा ने सिर्फ 22 गेंदों में 56 रन कूटकर आरसीबी के खेमे में खलबली मचा दी।
रही-सही कसर हेनरिक क्लासेन ने 24 गेंदों में 51 रन ठोककर पूरी कर दी, जिसके दम पर हैदराबाद ने 4 विकेट पर 255 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया। जवाब में आरसीबी की टीम रजत पाटीदार के जुझारू अर्धशतक और क्रुणाल पांड्या के नाबाद 41 रनों के बावजूद 4 विकेट खोकर 200 रन ही बना सकी और मुकाबला 55 रनों से हार गई।
IPL 2026 Playoffs: हार के बाद भी RCB को मिली बड़ी खुशखबरी
इस करारी शिकस्त के बावजूद बेंगलुरु के फैंस के लिए एक बड़ी राहत की खबर है। बेहतर नेट रन रेट (NRR) के चलते आरसीबी अंक तालिका में टॉप-2 में अपनी जगह बचाने में कामयाब रही है, जिससे उन्हें प्लेऑफ में बड़ा फायदा मिल सकता है।
चौथे पायदान के लिए करो या मरो की जंग
फिलहाल लीग स्टेज के अंत में आरसीबी, गुजरात टाइटंस और सनराइजर्स हैदराबाद तीनों ही टीमें 18-18 अंकों के साथ बराबरी पर हैं। इन तीनों टीमों ने प्लेऑफ का टिकट तो पक्का कर लिया है, लेकिन चौथे पायदान के लिए अभी भी राजस्थान रॉयल्स, पंजाब किंग्स और कोलकाता नाइट राइडर्स के बीच करो या मरो की जंग जारी है।















Click it and Unblock the Notifications