BGT से पहले ही ऑस्ट्रेलिया में कोहली का जलवा, जायसवाल ने भी लूटी महफिल, मीडिया ने बताया युगों की लड़ाई
Border-Gavaskar Trophy, Virat Kohli: भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच पांच टेस्ट मैचों की बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी का आगाज 22 नवंबर से होने जा रहा है। इस मुकाबले से पहले भारत के दिग्गज बल्लेबाज विराट कोहली पर्थ पहुंच चुके हैं। जैसे ही कोहली वहां पहुंचे, ऑस्ट्रेलियाई मीडिया में उनका क्रेज़ नजर आने लगा। ऑस्ट्रेलिया के प्रमुख अखबारों ने कोहली से जुड़ी खबरों को अपनी प्रमुख सुर्खियों में शामिल किया, साथ ही उनकी तस्वीर भी पहले पन्ने पर प्रकाशित की है।
ऑस्ट्रेलिया में कोहली का जलवा
इसके अलावा ऑस्ट्रेलियाई अंग्रेजी मीडिया ने अपने पाठकों को आकर्षित करने के लिए हिंदी और पंजाबी में 'देसी' अंदाज में हेडलाइंस भी दी हैं। इससे यह साफ जाहिर होता है कि न सिर्फ भारत में बल्कि ऑस्ट्रेलिया में भी विराट कोहली का अपार फैन बेस है। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ विराट कोहली बल्ले से भी रनों की बारिश करना चाहेंगे।

जायसवाल ने भी लूटी महफिल
हालांकि, सुर्खियां सिर्फ़ कोहली पर ही नहीं हैं। यशस्वी जायसवाल भी मीडिया का ध्यान आकर्षित कर रहे हैं। कोहली जहां पहले पन्ने पर छाए हुए हैं, वहीं जायसवाल ने 'दूसरे पन्ने' पर अपनी जगह पक्की कर ली है। हेराल्ड सन ने तो जायसवाल को 'नया राजा' तक कह दिया है, जिसमें अंग्रेजी और गुरुमुखी दोनों लिपियों का इस्तेमाल किया गया है, साथ ही युवा क्रिकेटर की एक आकर्षक तस्वीर भी है।
जायसवाल की हुई वीरेंद्र सहवाग से तुलना
ऑस्ट्रेलियाई अखबार द डेली टेलीग्राफ ने अपने अखबार के फ्रंट पेज पर हिंदी में खबर छापी है और लिखा है कि ये युगों की लड़ाई है। डेली टेलीग्राफ ने जायसवाल की तारीफ करते हुए कहा कि वह वीरेंद्र सहवाग के बाद सबसे बेहतरीन भारतीय ओपनर हैं। पांच टेस्ट मैचों की सीरीज को लेकर डेली टेलीग्राफ ने एक कदम और आगे बढ़कर तीन भाषाओं: हिंदी, पंजाबी और अंग्रेजी में 8-पेज की एक फीचर की तैयार की है, जिसमें इस सीरीज को लेकर विस्तार से चर्चा की गई है।
सीरीज का पहला मैच 22 नवंबर से पर्थ में होना है। ऑस्ट्रेलियाई अखबारों ने अपने पहले पन्ने कोहली को समर्पित किए हैं, कुछ ने तो हिंदी हेडलाइन भी चुनी हैं, जो यह बताता है कि कोहली में ऑस्ट्रेलिया की कितनी दिलचस्पी है।












Click it and Unblock the Notifications