कोहली के कहने पर किया था हेड कोच के लिए आवेदन, सहवाग ने किया चौंकाने वाला खुलासा
वीरेंद्र सहवाग ने खुलासा किया है कि विराट कोहली और बीसीसीआई के अधिकारियों के कहने पर ही उन्होंने टीम इंडिया के हेड कोच के लिए आवेदन किया था।

अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से रिटायरमेंट के बाद अपने बयानों की वजह से सुर्खियों में रहने वाले वीरेंद्र सहवाग ने एक सनसनीखेज खुलासा किया है। दरअसल, सहवाग ने एक टीवी चैनल पर बातचीत के दौरान कहा है कि 2017 में जब अनिल कुंबले ने टीम इंडिया के हेड कोच से इस्तीफा दिया था तो विराट कोहली के जोर देने पर ही उन्होंने हेड कोच के लिए आवेदन किया था, नहीं तो वो कोच बनना नहीं चाहते थे। सहवाग ने यह भी बताया है कि 2016 के बाद से कोहली और कुंबले के बीच सबकुछ ठीक नहीं चल रहा था और इसीलिए 2017 चैंपियंस ट्रॉफी में पाकिस्तान के हाथों भारत की हार के बाद कुंबले ने इस्तीफा दे दिया था।
कुंबले के बाद मुझे ऑफर हुआ था हेड कोच का पद- सहवाग
न्यूज 18 इंडिया के साथ बातचीत में वीरेंद्र सहवाग ने कहा है, "कुंबले के इस्तीफे के बाद विराट कोहली और बीसीसीआई के तत्कालीन सचिव अमिताभ चौधरी ने मुझसे संपर्क किया था तो ही मैंने आवेदन किया था, अगर कोहली और अमिताभ चौधरी मुझसे संपर्क नहीं करते तो मैं हेड कोच के लिए आवेदन नहीं करता।" सहवाग ने बताया कि उस वक्त मेरी बोर्ड और कोहली के साथ एक मीटिंग हुई थी और उस मीटिंग में अमिताभ चौधरी ने मुझे बताया था कि कुंबले और विराट कोहली के बीच कुछ चीजें ठीक नहीं चल रही थीं और बोर्ड चाहता था कि हेड कोच की कमान वो संभाल लें। उन्होंने ही मुझे बताया कि 2017 चैंपियंस ट्रॉफी के बाद कुंबले का कॉन्ट्रैक्ट खत्म हो जाएगा और आप फिर टीम के साथ वेस्टइंडीज जा सकते हैं।
कप्तानी मिलने का नहीं है कोई मलाल- सहवाग
इस दौरान वीरेंद्र सहवाग से जब टीम इंडिया की कप्तानी को लेकर सवाल किया गया तो उन्होंने कहा कि भारतीय टीम की कप्तानी नहीं मिलने का उन्हें जरा भी मलाल नहीं है। सहवाग ने कहा कि उन्हें अपने करियर में जो भी मिला है वो उससे संतुष्ट हैं। आपको बता दें कि जिस वक्त भारतीय टीम की कप्तानी महेंद्र सिंह धोनी को सौंपी गई थी उस समय सहवाग और युवराज कप्तानी के प्रबल दावेदार थे, लेकिन उस समय मैनेजमेंट ने धोनी की काबिलियत को पहचानते हुए उन्हें कप्तान बनाया था। टीम इंडिया की कप्तानी के सवाल पर वीरू ने कहा कि मुझे भारत के लिए खेलने का मौका मिला इतना काफी है अगर कप्तानी मिल जाती तो कोई ज्यादा सम्मान थोड़ी मिलता बल्कि उतना ही मिलता।












Click it and Unblock the Notifications