विराट-अनुष्का और ‘हनुमान अंश 2’ का क्या है कनेक्शन? प्रोड्यूसर ने कैमियो की खबरों पर बताई पूरी सच्चाई
विराट कोहली और अनुष्का शर्मा का कैंची धाम से कनेक्शन कोई नई बात नहीं है। नवंबर 2022 में दोनों उत्तराखंड के कैंची धाम पहुंचे थे। विराट और अनुष्का ने वहां कुछ वक्त बिताया, हनुमान चालीसा का पाठ किया और आरती में भी शामिल हुए। उस समय से ही बाबा नीम करोली महाराज के प्रति दोनों की आस्था क्रिकेट और बॉलीवुड की दुनिया में चर्चा का विषय रही है।
अब यही कनेक्शन सुपर ब्लॉकबस्टर फिल्म 'हनुमान अंश' को लेकर फिर चर्चा में है। फिल्म के अगले पार्ट में विराट कोहली और अनुष्का शर्मा के नजर आने की खबरों ने पिछले दिनों जोर पकड़ा। अब फिल्म की प्रोड्यूसर नम्रता सिंह ने वनइंडिया से बातचीत में इस पूरी चर्चा पर साफ शब्दों में प्रतिक्रिया दी है।

विराट-अनुष्का को लेकर क्या बोलीं नम्रता?
नम्रता ने कहा कि विराट कोहली और अनुष्का शर्मा भी महाराज जी के भक्त हैं और वे महाराज जी के साथ पहले से जुड़े हुए हैं। दोनों के जीवन में महाराज जी की कृपा है। फिल्म में रोल को लेकर जानकारी भ्रामक है, इसमें कुछ भी सच नहीं है।

क्यों फैली थी ऐसी अफवाह
विराट और अनुष्का के कैमियो की अफवाह इसलिए फैली क्योंकि कैंची धाम जाकर आने के बाद उनके आंकड़ों में जबरदस्त उछाल देखने को मिला था। हर फैन को वह एक साल का दौर याद है, जब कोहली ने इंटरनेशनल क्रिकेट में तबाही मचाई थी। फैंस को उम्मीद थी कि भक्तों में विराट भी आते हैं, तो शायद अगली फिल्म में उनका भी कोई रोल हो।
कैंची धाम के बाद विराट के करियर में अगला साल कैसा रहा?
अब कहानी क्रिकेट की तरफ मुड़ती है। विराट और अनुष्का ने 17 नवंबर 2022 को कैंची धाम का दौरा किया था। इसके करीब तीन हफ्ते बाद 10 दिसंबर को विराट ने बांग्लादेश के खिलाफ चटगांव वनडे में 113 रन की पारी खेली। यह अगस्त 2019 के बाद उनका पहला वनडे शतक था। यानी चार साल बाद एक बड़ा कारनामा हुआ।
इसके बाद 2023 में विराट का बल्ला अलग ही रंग में नजर आया। पूरे साल उन्होंने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 2048 रन बनाए और उनका औसत 66.06 रहा। इसके मुकाबले 2022 में उनके खाते में 1348 रन थे और औसत 38।51 रहा। शतकों की संख्या भी 2 से बढ़कर 8 हो गई। यह चमत्कार कैसे और क्यों हुआ, इसके बारे में हर किसी की अपनी स्वतंत्र राय हो सकती है लेकिन आंकड़े यही रहे हैं।

वनडे में आया सबसे बड़ा उछाल
वनडे क्रिकेट में यह अंतर और ज्यादा साफ दिखता है। 2022 में विराट ने 11 पारियों में 303 रन बनाए और उनका औसत 27.45 रहा। 2023 में उन्होंने 24 पारियों में 1377 रन ठोक दिए। औसत 72.47 रहा और उनके बल्ले से छह शतक निकले। इस तीन गुना जम्प को बाद में फैंस ने भी आध्यात्म का पावर माना।

वर्ल्ड कप के आंकड़ों ने चौंकाया
2023 वर्ल्ड कप ने इस कहानी को और बड़ा बना दिया। विराट ने 11 पारियों में 765 रन बनाए, औसत 95.62 रहा और वह टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज रहे। उन्होंने इसी दौरान अपना 50वां वनडे शतक भी पूरा किया। हालांकि भारतीय टीम को इस इवेंट में हार का सामना करना पड़ा था लेकिन विराट कोहली ने गेंदबाजों को रुलाने का काम किया था।

फिल्म कितने भागों में होगी पूरी?
फिल्म हनुमान अंश का बजट महज 2 करोड़ था और वर्ल्ड वाइड यह 300 करोड़ से ज्यादा कमा चुकी है। अब बड़ा सवाल यह है कि फिल्म कितने भाग में आएगी। इस पर नम्रता सिंह का कहना है कि तीन पार्ट में यह फिल्म आएगी। इसमें भक्तों के नजरिए से ही कहानी आगे बढ़ेगी। इस पर एक बार फिर से सवाल खड़ा होता है कि विराट और अनुष्का भी तो भक्त ही हैं।

आखिर कौन हैं ये विदेशी भक्त?
तीसरे भाग में उन भक्तों की कहानी सामने आनी है, जो विदेश से आकर नीम करोली बाबा के भक्त बन गए थे। उनमें प्रमुख नामों में हार्वर्ड के प्रोफेसर रिचर्ड अल्पर्ट हैं। बाद में उनका नाम बाबा ने राम दास रख दिया था। उसी तरह अमेरिका से ही आए जेफरे कैगल भी हैं, जो बाबा से मिलने के बाद दो साल भारत में रहे। वह अब भी अमेरिका में भक्ति, भजन करते हैं और बाबा की कहानियां सुनाते हैं। फिल्म के तीसरे पार्ट में इन जैसे भक्तों की कहानी देखने को मिल सकती हैं। ये दोनों भक्त 70 के दशक में खुद बाबा से मिले थे। उनके अलावा और भी कई विदेशी भक्त हैं।
कोहली के अलावा और कौन सा क्रिकेटर बाबा का भक्त?
भारत में विराट कोहली के अलावा वीरेंद्र सहवाग भी बाबा के भक्त हैं। फिल्म देखने के बाद उन्होंने खुद वीडियो बनाकर इसे बेहतरीन फिल्म बताया था। नम्रता सिंह ने इस पर कहा कि मुझे लगता है कि क्रिकेटर्स और महाराज जी का कोई रिश्ता है और सहवाग जी का कमेंट बहुत ही सुंदर था और मैं बहुत खुश हूं कि उन्होंने फ़िल्म देखी है। उनकी शुभकानाएं हमारे लिए बहुत महत्व रखती हैं।


Click it and Unblock the Notifications
