Independence Day 2023: किंग कोहली ने 15 अगस्त के दिन बढ़ाई थी भारत की शान, नाबाद शतक जड़ रचा इतिहास
Independence Day 2023, virat Kohli: भारत 15 अगस्त को अपना 77वां स्वतंत्रता दिवस मानने जा रहा है। देशभर में 15 अगस्त को लेकर तैयारियां भी शुरू कर दी गई है। सुरक्षा के लिहाज से बड़े शहरों में कुछ पाबंदियां भी लगाई गई है। लेकिन क्या आप जानते हैं साल 2019 में पूर्व भारतीय कप्तान विराट कोहली ने भारत को एक अनमोल तोहफा देने का काम किया था।
दर्ज की थी ऐतिहासिक जीत: भारत ने साल 2019 में वेस्टइंडीज के खिलाफ 15 अगस्त के दिन ही ऐतिहासिक जीत दर्ज की थी। भारत ने कैरेबियाई टीम को उसी की धरती पर वनडे सीरीज में 2-0 से हराया था। इस जीत में उस समय के कप्तान विराट कोहली का बड़ा हाथ रहा था। विराट कोहली ने इस अहम मुकाबले में टीम के लिए नाबाद शतकीय पारी खेलने में कामयाबी हासिल की थी।

देशवासियों को जीत का तोहफा: भारत ने 15 अगस्त के दिन वेस्टइंडीज को हराकर देशवासियों को जीत का तोहफा दिया था। दरअसल, इससे पहले कभी भी भारतीय टीम 15 अगस्त के मौके पर वनडे मुकाबले को जीतने में सफल नहीं रही थी। ऐसा पहली बार हुआ था जब भारत ने 15 अगस्त के दिन वनडे में किसी टीम को हराया था। पोर्ट ऑफ स्पेन में खेला गया यह मैच बारिश प्रभावित रहा था।
14 अगस्त को खेला गया था मैच: भारत और वेस्टइंडीज के बीच तीसरा वनडे मैच 14 अगस्त 2019 को खेला गया। जब यह मैच शुरू हुआ तब वेस्टइंडीज में तो दिन का वक्त था, लेकिन भारत में उस समय शाम के सात बज चुके थे। बारिश के कारण मैच लेट हो गया और जब मैच का रिजल्ट आया तब तक भारत में अगला दिन शुरू हो गया था। यानी भारत ने इस मुकाबले को 15 अगस्त के दिन जीता। 15 अगस्त की सुबह के साढ़े तीन बजे भारत ने एतिहासिक जीत दर्ज की।
भारत ने आसानी से जीता मैच: बारिश से प्रभावित इस मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए वेस्टइंडीज की टीम ने 35 ओवर में 7 विकेट खोकर 240 रन बनाए थे। भारत को डकवर्थ लुइस नियम के तहत इतने ही ओवर में 255 का लक्ष्य मिला। विराट कोहली की शानदार पारी की बदौलत भारत ने 33वें ओवर में ही मुकाबले को जीत लिया।












Click it and Unblock the Notifications