IPL 2023: अपने 'आइडल' विराट कोहली के बारे में शुभमन गिल का बड़ा खुलासा, 7 साल पुरानी फोटो वायरल
IPL 2023 in Hindi: कोहली-गिल की 2016 के दौरान एक फोटो वायरल हो रही है जिसमें गिल ने कोहली को अपना आदर्श बताया है। ताजा शतक के बाद भी दोनों ने एक-दूसरे की तारीफ की है।

IPL 2023: शुभमन गिल (Subhman Gill) ऐसे बल्लेबाज हैं जो भविष्य में भारतीय टीम को लीड भी करेंगे। उनके जैसे संभावनाएं किसी और युवा खिलाड़ी में नजर नहीं आती है। गिल 2023 में क्रिकेट के हर फॉर्मेट में रन बना रहे हैं और अब उन्होंने आईपीएल में भी अपना पहला शतक जड़ दिया है।
विराट कोहली (Virat Kohli) और शुभमन गिल दोनों एक दूसरे के मुरीद रहे हैं लेकिन दोनों की उम्र और अनुभव में इतना फर्क है कि गिल कोहली को आदर्श मानते हैं और विराट गिल को भारत का भविष्य मानते हैं।
जैसे ही शुभमन ने 15 मई की रात गुजरात टाइटंस के लिए खेलते हुए सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ मुकाबले में 58 गेंदों पर 101 रनों की पारी खेली तो उसकी तारीफ में विराट कोहली की इंस्टाग्राम स्टोरी वायरल हो गई।
इतना ही नहीं सोशल मीडिया पर 2016 की वह तस्वीर भी काफी वायरल हो रही है जिसमें गिल और विराट एक दूसरे के साथ है। एक अवार्ड फंक्शन के दौरान विराट कोहली के साथ गिल ने मुलाकात की थी और उन्होंने इंस्टाग्राम पर इसको शेयर करते हुए लिखा था, "मैं अपने आदर्श के साथ हूं।"
आईसीसी से बात करते हुए गिल ने 2021 में भी कहा था, "विराट कोहली जैसे आदर्श के साथ मुलाकात बहुत ही प्रेरणा देती है। जब आप एक बच्चे होते हो तो क्रिकेट के बारे में ज्यादा नहीं जानते लेकिन जब खेलना शुरू करते हो तो उसके बारे में और ज्यादा जानना शुरु कर देते हो। गेम के चैलेंज को समझना शुरू कर देते हो।"
"विराट कोहली वह खिलाड़ी हैं जिनकी ओर मैंने हमेशा से देखा है। जब मैं पहली बार उनसे मिला था तो यह काफी मोटिवेट करने वाला पल था।"
खास बात यह है कि सोमवार की रात प्लेयर ऑफ द मैच अवार्ड हासिल करने के बाद गिल ने एक बार फिर से कोहली के लिए आदर्श शब्द का इस्तेमाल किया। गिल ने कहा, "जब मैं 12 साल का था तो मैं विराट भाई को सबसे ज्यादा फॉलो करता था। जबसे मैंने क्रिकेट समझना शुरू किया है वह मेरे आदर्श रहे हैं। मैंने उनसे काफी कुछ सीखा है। उनकी बल्लेबाजी, उनका पैशन और कमिटमेंट प्रेरणा देता है।"
गिल गुजरात के पहले सेंचुरियन और 1000 रन पूरे करने वाले बल्लेबाज बन गए हैं। गिल एकमात्र भारतीय बल्लेबाज हैं जिन्होंने एक साल में क्रिकेट के तीनों फॉर्मेट में इंटरनेशनल क्रिकेट में शतक लगाने के अलावा आईपीएल में शतक लगाया है।












Click it and Unblock the Notifications