BCCI पर भड़का पूर्व दिग्गज, कहा- जब युवराज, सहवाग और हरभजन ड्रॉप हो सकते हैं, तो…
भारतीय टीम के पूर्व दिग्गज तेज गेंदबाज वेंकटेश प्रसाद (Venkatesh Prasad) ने बीसीसीआई और टीम मैनेजमेंट पर सवाल खड़े किए हैं।
नई दिल्ली, 11 जुलाई: भारतीय टीम के पूर्व दिग्गज तेज गेंदबाज वेंकटेश प्रसाद (Venkatesh Prasad) ने बीसीसीआई और टीम मैनेजमेंट पर सवाल खड़े किए हैं। वेंकटेश का ऐसा कहना है कि पहले जब खराब फॉर्म के चलते सीनियर खिलाड़ियों को टीम से ड्रॉप कर दिया जाता, तो अब क्यों नहीं... क्यों अब आउट ऑफ फॉर्म प्लेयर्स को बार-बार रेस्ट दिया जा रहा है। पूर्व तेज गेंदबाज ने इशारों-इशारों में विराट कोहली (Virat Kohli) की खराब फॉर्म को लेकर सवाल उठाए।

वेंकटेश प्रसाद ने किए दो ट्वीट
इंग्लैंड के खिलाफ रविवार को खेले गए तीसरे टी20 मैच के दौरान वेंकटेश प्रसाद ने ट्वीट कर कहा, "एक समय था जब आप फॉर्म से बाहर होते थे, तो प्रतिष्ठा की परवाह किए बिना आपको बाहर कर दिया जाता था। सौरव गांगुली, वीरेंद्र सहवाग, युवराज सिंह, जहीर खान और हरभजन सिंह जैसे सभी खिलाड़ियों को फॉर्म में नहीं होने पर टीम से ड्रॉप कर दिया गया था। इसके बाद उन्होंने घरेलू क्रिकेट में वापसी की है, रन बनाए और फिर से टीम इंडिया में कमबैक किया।"

अब क्यों मिल रहा है आराम
वेंकटेश ने इसके बाद दूसरा ट्वीट कर कहा, "लगता है कि मानदंड अब काफी बदल गए हैं, जहां अब आउट ऑफ फॉर्म होने पर टीम से आराम दिया जाता है। यह आगे बढ़ने का कोई रास्ता नहीं है। देश में इतना टैलेंट है तो आप अपनी प्रतिष्ठा से नहीं खेल सकते। भारत के महानतम मैच-जिताऊ खिलाड़ियों में से एक, अनिल कुंबले कई मौकों पर बाहर बैठे। अब कुछ बड़ा हासिल करने के लिए एक्शन की जरूरत है।"

कोहली को मिला आराम
इंग्लैंड दौरे के बाद टीम इंडिया को 3 मैचों की वनडे और 5 मैचों की टी20 सीरीज के लिए वेस्टइंडीज के दौरे पर जाना है। इस दौरे पर खेली जाने वाली वनडे सीरीज के लिए पूर्व भारतीय कप्तान विराट कोहली को आराम दिया गया है। रिपोर्ट्स तो यहां तक सामने आ रही है कि टी20 सीरीज में भी कोहली ने बोर्ड से मांग की अपील की है। इससे पहले आईपीएल के 15वें सीजन के बाद साउथ अफ्रीका के खिलाफ 5 मैचों की घरेलू टी20 सीरीज में भी विराट को आराम दिया गया था।
बता दें कि विराट कोहली लंबे से समय से खराब दौर से गुजर रहे हैं। इंटरनेशनल क्रिकेट में उन्होंने पिछले 3 साल से कोई शतक नहीं लगाया है। कप्तानी छोड़ने के बद भी उनकी फॉर्म पर कोई असर देखने को नहीं मिल रहा है।

इंग्लैंड दौरे पर अभी तक फ्लॉप
इंग्लैंड दौरे पर विराट कोहली ने बड़ी पारी की उम्मीद की जा रही थी, लेकिन एकमात्र रिशेड्यूल टेस्ट के बाद टी20 सीरीज में भी वह पूरी तरह से आउट ऑफ टच नजर आए। एजबेस्टन में खेले पांचवें टेस्ट मैच की पहली पारी में कोहली 19 गेंदों में 11 रन और दूसरी पारी में 40 गेंदों में केवल 20 रन बनाकर अपना विकेट गंवा बैठे।
इसके बाद टी20 सीरीज के दूसरे मैच से उन्होंने लिमिटेड ओवर फॉर्मेट में कमबैक किया और केवल 3 गेंदों में 1 रन बनाकर आउट हो गए। तीसरे मुकाबले में भी विराट का बल्ला खामोश नजर आया। उन्होंने मैदान पर आते ही एक चौके और एक छक्का जरूर लगाया, लेकिन 6 गेंदों में केवल 11 रन बनाकर अपना विकेट गंवा बैठे।

लगातार उठ रहे हैं सवाल
वेंकटेश प्रसाद से पहले दुनियाभर के कई दिग्गज विराट कोहली की खराब फॉर्म पर सवालियां निशान खड़े कर चुके हैं। पूर्व कप्तान कपिल देव ने तो यहां तक कह दिया है कि जब टेस्ट टीम से आर अश्विन को प्लेइंग-11 से बाहर किया जा सकता है, तो टी20 से विराट को क्यों नहीं। इंग्लैंड के पूर्व कप्तान माइकल वॉन ने तो कोहली को क्रिकेट से ब्रेक लेकर बीच पर जाने तक की सलाह दे डाली है।












Click it and Unblock the Notifications