वेंकटेश अय्यर ने भारतीय टीम में ओपनिंग बल्लेबाजी नहीं मिलने को लेकर किया बड़ा खुलासा
वेंकटेश अय्यर घरेलू क्रिकेट और आईपीएल में बतौर ओपनर खेलते हुए सफल रहे हैं और वहां से उनको भारतीय टीम में आने का मौका मिला। हालांकि टीम इंडिया में आने के बाद वह अपनी पसंदीदा जगह पर बैटिंग नहीं कर पाए और उनको निचले क्रम में खेलने का मौका मिला। इस बीच अय्यर ने खुलासा किया है कि उनको ओपन करने के बजाय नीचे खेलने के लिए क्यों भेजा गया और किसने उनको ऐसा करने के लिए कहा।

क्रिकेट नेक्स्ट से बातचीत करते हुए वेंकटेश अय्यर ने कहा, "मैं जब टीम में आया तो देखा कि वहां पहले से तीन ओपनर थे। रोहित भाई, केएल राहुल और इशान किशन टीम में मौजूद थे। मैं जान गया था कि ओपन नहीं करने वाला हूँ। जब मैं राहुल सर से मिला तो उन्होंने बताया कि ओपन करते समय किस तरह मेरी अप्रोच रहती है। मुझे बताया गया कि मैं फिनिशर की भूमिका निभाने वाला हूँ। रोहित भाई और राहुल सर ने मुझसे कहा कि इस भूमिका के लिए मुझे कई गेम दिए जाएंगे। जब एक बार आपको कप्तान और कोच का समर्थन मिल जाए तो काम और भी आसान हो जाता है।"
गेंदबाजी में नहीं मिला वेंकटेश अय्यर को मौका
सफेद गेंद क्रिकेट के दोनों प्रारूप में खेले गए 10 मैचों में वेंकटेश अय्यर को ओवर डालने का अधिक मौका नहीं मिल पाया। वह महज 14 ओवर ही कर पाए। इसे लेकर भी उनकी तरफ से प्रतिक्रिया आई। उन्होंने कहा कि जब कप्तान के पास पहले से ही पांच गेंदबाज मौजूद हों, तो छठे गेंदबाज की तरफ देखने का कोई मतलब नहीं रह जाता। रोहित भाई के पास पांच गेंदबाज थे इसलिए उन्होंने भी ऐसा किया। व्यक्तिगत रूप से मैं 20 ओवर बैटिंग करने के अलावा अपने 4 ओवर डालना पसंद करूंगा।
इस समय अय्यर चोट से ठीक हो रहे हैं
टीम इंडिया में आने के बाद अय्यर का प्रदर्शन खराब नहीं रहा लेकिन हार्दिक पांड्या के आने से उनको बाहर होना पड़ा। फ़िलहाल वह चोट के कारण नेशनल क्रिकेट एकेडमी में हैं। वहां से ठीक होकर उनका लक्ष्य फिर से टीम में आना होगा। देखना होगा कि वह चोट के बाद कब तक ठीक होकर मैदान पर लौटते हैं।












Click it and Unblock the Notifications