मिस्ट्री की तरह ही बाहर हुआ ये रहस्यमयी स्पिनर, अब IPL के बाद फिर 'दरवाजा खटखटाना' चाहता है
नई दिल्ली, 30 सितंबर: भारतीय टीम से बाहर चल रहे मिस्ट्री स्पिनर वरुण चक्रवर्ती टीम इंडिया में वापसी के लिए कॉन्फिडेंट हैं और वे सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी, आईपीएल जैसी प्रतियोगिताओं में प्रदर्शन करके सीनियर टीम में वापस आना चाहते हैं। वरुण का हाल अर्श से फर्श वाला रहा। आजकल इतना क्रिकेट हो रहा है कि रेस में खुद को बनाए रखने के लिए अपने खेल को अलग लेवल पर ले जाना होता है।

चक्रवर्ती की योजना के अनुसार चीजें नहीं हुईं
पिछले साल की ही बात है जब वरुण टी20 वर्ल्ड कप टीम का हिस्सा था और अब आने वाले एक और टी20 वर्ल्ड कप में उनका नाम दूर तक भी नहीं हैं। ये सोच तक में नहीं हैं।
जाहिर है चक्रवर्ती की योजना के अनुसार चीजें नहीं हुईं क्योंकि उन्होंने वर्ल्ड कप में खेले गए तीन मैचों में केवल एक विकेट हासिल किया। पाकिस्तान, न्यूजीलैंड और स्कॉटलैंड के खिलाफ मैचों में, स्पिनर ने 71 रन दिए, और भारत ग्रुप चरणों में बाहर हो गया था।

सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी और अगले साल का आईपीएल
आईपीएल 2022 भी मिस्ट्री स्पिनर के लिए एक बड़ी विफलता थी क्योंकि वह टूर्नामेंट में केकेआर के लिए बेअसर साबित हुआ था।
स्पोर्ट्सकीड़ा के साथ एक इंटरव्यू में, 31 वर्षीय बॉलर ने कहा कि सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी उनके लिए एक अच्छा मंच है और उन्हें नेशनल टीम में वापसी का भरोसा है। उन्होंने कहा कि सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी और अगले साल का आईपीएल उनकी वापसी में बड़ी भूमिका निभाएगा।

मैं फिर से दरवाजे खटखटाऊंगा
चक्रवर्ती ने कहा, "सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी मेरे लिए एक बहुत ही महत्वपूर्ण मंच है। मुझे यकीन है कि मैं फिर से दरवाजे खटखटाऊंगा क्योंकि मैंने कड़ी मेहनत की है। देखते हैं, अगर भगवान की कृपा है, तो मुझे फिर से मौका मिलेगा। मुझे पता है कि सैयद मुश्ताक अली ट्ऱॉफी और अगला आईपीएल एक महत्वपूर्ण भूमिका निभाने जा रहा है। इन दो टूर्नामेंटों में, अगर मैं अच्छा करता हूं, तो मुझे फिर से मौका मिलेगा।"
चक्रवर्ती ने कहा कि वे शारीरिक और मानसिक दोनों रूप से एक बेहतर खिलाड़ी के तौर पर सामने आने की उम्मीद कर सकते हैं। उन्होंने फिर से दोहराया कि वह टीम में अच्छी वापसी करेंगे।
उन्होंने कहा कि, मैं निश्चित रूप से देश के लिए खेलना चाहता हूं। मैं निश्चित रूप से अच्छी वापसी करूंगा।"












Click it and Unblock the Notifications