Asia Cup फाइनल के बाद वरुण चक्रवर्ती ने तोड़ी चुप्पी, कहा- कप छीन सकते हैं, सम्मान नहीं
Varun Chakravarthy On Asia Cup Trophy: भारतीय स्पिनर वरुण चक्रवर्ती ने एशिया कप 2025 के फ़ाइनल में जीत के बाद बड़ा बयान दिया है। वरुण चक्रवर्ती ने अब टीम इंडिया को ट्रॉफी न सौंपे जाने को लेकर एशियन क्रिकेट काउंसिल (ACC) के प्रमुख मोहसिन नकवी पर तंज़ कसा है। वरुण ने कहा कि भले ही ट्रॉफी नहीं दी गई हो, लेकिन 'चैंपियन' का खिताब और सम्मान भारत का ही है।
भारत को नहीं दी गई थी ट्रॉफी (Varun Chakravarthy On Asia Cup Trophy)
वरुण ने यह बयान गौरव कपूर के शो 'ब्रेकफ़ास्ट विद चैंपियंस' के दौरान बातचीत करते हुए दी। दुबई में पाकिस्तान के खिलाफ रोमांचक फ़ाइनल जीतने के बाद भारतीय टीम ने नकवी से ट्रॉफी स्वीकार करने से मना कर दिया था। इस घटना के बाद एक अधिकारी ने बिना किसी स्पष्टीकरण के ट्रॉफी को उठाकर मैदान से हटा दिया था, जिससे प्रस्तुति समारोह में अफरा-तफरी मच गई थी।

'हमें पता था हम जीतेंगे'
ट्रॉफी विवाद के बावजूद भारतीय खिलाड़ियों ने उत्साह के साथ जश्न मनाया था। कप्तान सूर्यकुमार यादव ने अपने साथियों के साथ मिलकर रोहित शर्मा की प्रसिद्ध चाल की नकल करते हुए एक काल्पनिक ट्रॉफी उठाई थी। मोहसिन नक़वी ने बाद में कहा था कि भारत चाहे तो ACC कार्यालय से ट्रॉफी ले सकता है। शो के दौरान खिताब जीतने के बारे में बात करते हुए वरुण ने कहा कि अच्छा लगा, मुझे पता था कि हम सभी मैच जीतने वाले हैं। हम दुनिया की नंबर एक टीम हैं। कप छीन सकते हैं, लेकिन हम चैंपियन हैं।
'कॉफ़ी कप' सेलिब्रेशन का सच
वरुण ने अपनी एशिया कप जीत के बाद इंस्टाग्राम पर अपनी 'कॉफ़ी कप' सेलिब्रेशन तस्वीर पर भी चुप्पी तोड़ी। जिसमें वह कॉफ़ी कप के साथ सोते हुए दिख रहे थे। वरुण ने खुलासा किया कि उन्होंने वास्तव में ट्रॉफी के साथ सोते हुए एक तस्वीर पोस्ट करने की योजना बनाई थी। उन्होंने बताया कि मुझे पता था कि हम जीतने वाले हैं... इसलिए मैंने सब कुछ प्लान कर लिया था कि मैं ट्रॉफी के साथ सो रहा हूं, ऐसी तस्वीर लूंगा। लेकिन मैच के बाद, मेरे बगल में कुछ भी नहीं था। बस एक कॉफ़ी कप था। इसलिए मैंने वही पोस्ट कर दिया।












Click it and Unblock the Notifications