बिहार सरकार ने Vaibhav Suryavanshi के लिए खोला खजाना, CM नीतीश कुमार ने थमाया 50 लाख का चेक, मिली लग्जरी कार
Vaibhav Suryavanshi meets Bihar CM Nitish Kumar: अंडर-19 क्रिकेट विश्व कप 2026 के हीरो और बिहार के उभरते सितारे वैभव सूर्यवंशी इन दिनों चर्चाओं में बने हुए हैं। रविवार को उनके गृह राज्य में जबरदस्त तरीके से स्वागत किया गया। जिम्बाब्वे की धरती पर भारत को छठा विश्व खिताब दिलाने के बाद पटना पहुंचे वैभव पर इनामों और सम्मान की बौछार हुई। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने राज्य सरकार की ओर से उन्हें 50 लाख रुपये की सम्मान राशि प्रदान की।
वैभव को मिला 50 लाख रुपये का चेक (Vaibhav Suryavanshi meets Bihar CM Nitish Kumar)
रविवार शाम 4 बजे मुख्यमंत्री आवास के संकल्प सभागार में एक विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने वैभव को 50 लाख रुपये का चेक भेंट कर सम्मानित किया। इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, खेल मंत्री श्रेयसी सिंह और मंत्री विजय चौधरी भी उपस्थित थे। सरकार ने वैभव की इस उपलब्धि को बिहार के खेल इतिहास का उज्जवल भविष्य करार दिया।

पटना एयरपोर्ट पर लगी फैंस की भीड़
इससे पहले जब वैभव पटना एयरपोर्ट पहुंचे तो हजारों फैंस ने उनका जोरदार स्वागत किया। इसी दौरान टाटा मोटर्स की ओर से उन्हें एक नई लग्जरी कार उपहार में दी गई। इस भावुक क्षण में वैभव के पिता और परिवार के अन्य सदस्य भी उनके साथ मौजूद थे। वैभव सूर्यवंशी ने इंग्लैंड के खिलाफ फाइनल मुकाबले में जो पारी खेली, उसने क्रिकेट जगत के कई पुराने रिकॉर्ड ध्वस्त कर दिए।
वैभव ने खेली थी 80 गेंदों पर 175 रनों की विस्फोटक पारी
महज 14 वर्ष की आयु में वैभव ने 80 गेंदों पर 175 रनों की विस्फोटक पारी खेली, जिसमें 15 चौके और 15 छक्के शामिल थे। उनकी इस पारी की मदद से भारत ने 411 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया और इंग्लैंड को 100 रनों से हराकर खिताब जीता। अंडर-19 विश्व कप फाइनल के इतिहास में 175 रन किसी भी बल्लेबाज द्वारा बनाया गया सबसे बड़ा स्कोर है। उन्होंने राज बावा (162*) का रिकॉर्ड तोड़ा।
उन्होंने अपनी पारी के 150 रन केवल चौकों और छक्कों से बनाए, जो यूथ वनडे में एक नया विश्व कीर्तिमान है। एक ही विश्व कप संस्करण में 30 छक्के जड़कर उन्होंने दक्षिण अफ्रीका के डेवाल्ड ब्रेविस (18 छक्के) का रिकॉर्ड पीछे छोड़ दिया। वैभव अब भारत के लिए अंडर-19 क्रिकेट में सर्वाधिक रन (1412 रन) बनाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं।












Click it and Unblock the Notifications