अमेरिका की टीम में खेल भारतीय खिलाड़ी ने मचाया गदर, बांग्लादेश को कूटकर किया इतिहास का सबसे बड़ा उलटफेर
USA vs BAN: टी20 वर्ल्ड कप से पहले यूएस दौरे पर गई बांग्लादेश टीम के लिए अच्छी खबर नहीं है। बांग्लादेश को पहले टी20 मुकाबले में मेजबान अमेरिका ने हरा दिया। यह क्रिकेट इतिहास के दबे उलटफेरों में से एक है। यूएसए ने बांग्लादेश की टीम को 5 विकेट से पटखनी दे डाली।
बांग्लादेश को हराने में भारतीय मूल के हरमीत सिंह आगे थे। हरमीत भारत के लिए अंडर 19 वर्ल्ड कप में खेले थे। साल 2012 में वह भारत की अंडर 19 वर्ल्ड कप टीम में भी थे, उस समय भारत ने खिताबी जीत दर्ज की थी। उनके अलावा न्यूजीलैंड के पूर्व खिलाड़ी कोरी एंडरसन ने भी धमाका किया।

टॉस जीतकर यूएस ने पहले गेंदबाजी करने का फैसला लिया और बांग्लादेश के ऊपर शिकंजा कस दिया। लिटन दास 14 और शान्तो 4 रन के निजी स्कोर पर पवेलियन लौट गए। इसके बाद भी कुछ विकेट गिरे। धीरे धीरे बांग्लादेश की स्थिति खराब हो गई। तोहिद हृदोय एकमात्र ऐसे बल्लेबाज रहे, जो 58 रन बनाने में सफल रहे।
निचले क्रम से महमुदुल्लाह के बल्ले से भी 31 रनों की पारी आई। इस तरह बांग्लादेश का स्कोर 6 विकेट पर 153 रनों के मामूली स्कोर तक पहुँच पाया। यूएस के लिए स्टीवन टेलर ने सबसे अच्छी गेंदबाजी करते हुए 2 विकेट अपने नाम किये। अब बैटिंग की बारी थी।
अमेरिकी टीम ने बल्लेबाजी करते हुए कप्तान मोनांक पटेल का विकेट गंवा दिया। वह महज 12 रनों के निजी स्कोर पर आउट होकर लौट गए। उनके अलावा एंड्रीस गॉस ने 23 रन बनाए। स्टीवन टेलर ने बतौर ओपनर 28 रनों की पारी खेली। अंत में कोरी एंडरसन और हरमीत ने मोर्चा संभाला।
हरमीत सिंह ने 13 गेंदों का सामना करते हुए नाबाद 33 रन बनाए। इस दौरान उन्होंने 3 छक्के और 2 चौके उड़ाए। उनके साथ खेल रहे पूर्व कीवी खिलाड़ी कोरी एंडरसन ने भी 25 गेंदों का सामना करते हुए नाबाद 34 रन बनाकर तीन गेंद शेष रहते अमेरिका को 5 विकेट से जीत दिला दी। पहली बार यूएस दौरे पर जाकर पहले ही मैच में बांग्लादेश जैसी टेस्ट दर्जा प्राप्त टीम को हार मिली। यह इतिहास के सबसे बड़े उलटफेरों में से एक है। टी20 वर्ल्ड कप से पहले यह अच्छा संकेत नहीं है।












Click it and Unblock the Notifications