IND vs AUS: 76 रन का लक्ष्य देने के बाद भी टीम इंडिया को है जीत की उम्मीद, उमेश यादव ने कही बड़ी बात
इंदौर टेस्ट के दूसरे दिन टीम इंडिया दूसरी पारी में 163 रन पर ऑलआउट हो गई, जिसके बाद ऑस्ट्रेलिया को 76 रन का लक्ष्य मिला, लेकिन भारत ने अभी जीत की उम्मीद नहीं छोड़ी है।

इंदौर के होल्कर स्टेडियम में खेले जा रहे बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी के तीसरे टेस्ट मैच में टीम इंडिया ने ऑस्ट्रेलिया को 76 रन का लक्ष्य दिया है। बुधवार को मैच के दूसरे दिन टीम इंडिया की दूसरी पारी सिर्फ 163 रन पर समाप्त हो गई। भारत की तरफ से चेतेश्वर पुजारा ने सबसे अधिक 59 रन बनाए। ऑस्ट्रेलिया को मिले इतने छोटे से लक्ष्य पर भी भारतीय टीम जीत की उम्मीद लगाकर बैठी है। भारतीय टीम के तेज गेंदबाज उमेश यादव ने बुधवार को दूसरे दिन का खेल खत्म होने के बाद कहा कि इंदौर की पिच की प्रवृति को देखते हुए हमने अभी जीत की उम्मीद नहीं छोड़ी है।
इंदौर की पिच स्पिनर्स को कर रही है मदद
आपको बता दें कि इंदौर की पिच ने पहले ही दिन से अपना अलग रूप दिखाया है। इस पिच पर स्पिनर्स को खूब मदद मिली है, जिसका नतीजा है कि अभी तक मैच में 30 विकेट गिर चुके हैं। पहले दिन इस पिच पर 14 विकेट गिरे थे, जबकि दूसरे दिन यानि गुरुवार को 16 बल्लेबाज आउट हुए थे। इंदौर टेस्ट में अभी तक ऑस्ट्रेलिया ने हर विभाग में भारत को पछाड़ा है। पहले दिन भारत 109 रन पर ऑलआउट हो गया था तो वहीं ऑस्ट्रेलिया ने पहली पारी में 197 रन बनाए थे। भारत दूसरी पारी में 163 रन पर ऑलआउट हो गई है और अब ऑस्ट्रेलिया को 76 रन का लक्ष्य मिला है।
इस पिच पर रन बनाना है बहुत मुश्किल- उमेश यादव
टीम इंडिया के तेज गेंदबाज उमेश यादव इस लक्ष्य पर भी यह उम्मीद लगाए बैठे हैं कि उनकी टीम जरूर जीत दर्ज करेगी। उमेश यादव का कहना है कि हमारे बल्लेबाजों ने भले ही पर्याप्त रन नहीं बनाए हों, लेकिन फिर भी हमारी टीम के पास एक मौका है कि हम फाइट करें और मैच को जीतने की कोशिश करें। उमेश यादव ने कहा कि निश्चित रूप से हम तीसरे दिन पॉजिटिव माइंड सेट के साथ उतरेंगे। यह क्रिकेट है और जिस तरह से पिच खेल रही है, आप कभी नहीं जानते, कुछ भी हो सकता है। हम अपनी पूरी कोशिश कर रहे हैं। हम शुरुआती विकेट हासिल करने की कोशिश करेंगे और तीसरे दिन का रिजल्ट अपने पक्ष में करने की का प्रयास करेंगे। उमेश यादव ने कहा कि इंदौर की पिच जिस तरह से खेल रही है, उस पर रन बनाना बिल्कुल भी आसान नहीं है, पिच में उछाल बहुत कम है। आपको बता दें कि उमेश यादव ने तीसरे टेस्ट के दूसरे दिन 3 विकेट हासिल किए थे।












Click it and Unblock the Notifications