साल 2023 में मैदान पर हुए 5 बड़े विवाद, क्रिकेट जगत को होना पड़ा था शर्मसार
Controversies in cricket in 2023: इस वर्ष क्रिकेटिंग फील्ड पर काफी ड्रामा देखने को मिला। कुछ बड़े विवाद भी हुए। आईपीएल से लेकर इंटरनेशनल क्रिकेट में बहुत कुछ घटित हुआ। इससे क्रिकेट जगत को शर्मसार भी होना पड़ा। कुछ बड़े खिलाड़ियों को भी विवादों में पड़ते हुए देखा गया।
वर्ल्ड कप के दौरान भी विवाद देखने को मिला था। साल खत्म हो गया है, ऐसे में टॉप विवादों पर नज़र डालना अहम है। चीजें तो काफी घटित हुई हैं लेकिन टॉप पांच विवादों के बारे में बताने का प्रयास इस लेख में किया गया है।

कोहली-गंभीर और नवीन उल हक
लखनऊ सुपर जायंट्स और आरसीबी के मैच में कोहली और नवीन उल हक के बीच कहासुनी हुई थी। इसके बाद गौतम गंभीर भी बीच में आ गए और कोहली से उलझ गए थे। घटना का वीडियो काफी वायरल हुआ था। कोहली और गंभीर के ऊपर जुर्माना लगाया गया था। कोहली और नवीन के बीच मामला गंभीर तक आ गया और काफी विवाद हुआ।
जॉनी बेयरस्टो स्टंपिंग विवाद
लॉर्ड्स में एशेज टेस्ट के दौरान बेयरस्टो ने गेंद को कीपर के लिए छोड़ दिया। इसके बाद वह क्रीज से निकल गए। हालांकि वह रन लेने या इस तरह के उद्देश्य से नहीं गए थे। पीछे से कंगारू कीपर एलेक्स कैरी ने गेंद को विकेटों में मारकर अपील कर दी। ऑस्ट्रेलिया ने अपील वापस नहीं ली और बल्लेबाज को आउट दिया गया। मामले ने काफी तूल पकड़ा।
एंजेलो मैथ्यूज टाइम्ड आउट
वर्ल्ड कप में बांग्लादेश के खिलाफ मैच में हेलमेट का स्ट्रेप टूटने के कारण मैथ्यूज ने नया हेलमेट मंगाया था। क्रीज पर आने के बाद ऐसा हुआ और वह 1 मिनट के अंदर बॉल नहीं खेल पाए थे। शाकिब अल हसन ने अपील की और अंपायर ने आउट दिया। शाकिब अपील वापस लेने को राजी नहीं हुए। मैथ्यूज ने बाद में काफी गुस्सा दिखाया। शाकिब की आलोचना आज भी होती है।
हरमनप्रीत कौर ने स्टम्प्स को मारा
ढाका में बांग्लादेश के खिलाफ तीसरे वनडे में हरमनप्रीत कौर अम्पायरिंग से काफी नाराज थीं और उन्होंने विकेटों को जोर से मारा। सीरीज बराबर हो गई और हरमनप्रीत ने पोस्ट मैच प्रेजेंटेशन में अम्पायरों को कोसा और उनकी भूमिका पर सवाल उठाया। हरमनप्रीत ने अपनी हरकतों पर कोई रिग्रेट नहीं किया और अम्पायरों को बांग्लादेश की जीत का क्रेडिट दिया।
सिकन्दर रजा खिलाड़ी को मारने दौड़े
आयरलैंड की टीम जिम्बाब्वे दौरे पर गई तो पहले टी20 में सिकन्दर रजा आयरिश खिलाड़ी कर्टिस कैम्फर पर गुस्सा हो गए और बल्ला दिखाया। विवाद तब और बढ़ गया जब वह खिलाड़ी को मारने के लिए आगे आए। बाद में रजा के ऊपर कार्रवाई हुई और दो मैचों के लिए उनको बैन कर दिया गया।












Click it and Unblock the Notifications