IPL 2022 के जरिए इन 3 भारतीय दिग्गजों की खुली किस्मत, चल रहे थे टीम से बाहर

नई दिल्ली। इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2022 का खिताब गुजरात टाइटंस ने 29 मई को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में राजस्थान राॅयल्स को हराकर अपने नाम किया। हार्दिक पांड्या की कप्तानी में गुजरात की टीम पहली बार टूर्नामेंट में उतरी थी और उसने अपने पहले सीजन में ही धमाकेदार प्रदर्शन दिखाकर सबको हैरान किया। हालांकि, आईपीएल 2022 कई खिलाड़ियों के लिए खास रहा। इस सीजन में कई नए चेहरे अपनी पहचान बनाने में कामयाब रहे। वहीं तीन ऐसे भारतीय दिग्गज भी रहे, जो राष्ट्रीय टीम से बाहर चल रहे थे, लेकिन इस सीजन में शानदार प्रदर्शन कर उन्होंने अपनी किस्मत खोल दी। आइए जानें काैन हैं वो 3 भारतीय-
यह भी पढ़ें- हार्दिक से मिली हार, लेकिन संजू सैमसन बोले- मुझे अपनी टीम पर गर्व है
Recommended Video

दिनेश कार्तिक
विकेटकीपर-बल्लेबाज दिनेश कार्तिक ने ताबड़तोड़ प्रदर्शन कर सभी का ध्यान अपनी ओर खींचे रखा। कार्तिक ने 16 मैचों की 16 पारियों में 55.00 की औसत और 183.33 की स्ट्राइक रेट से 330 रन बनाए। साथ ही 10 बार नाट आउट रहे और एक अर्धशतक लगाया। उनकी सर्वश्रेष्ठ पारी इस सीजन की नाबाद 66 रन रही। कार्तिक को उनके इस प्रदर्शन की वजह से आइपीएल 2022 में बेस्ट स्ट्राइकर ऑफ द सीजन चुना गया साथ ही उन्हें इनाम के तौर पर कार मिली। कार्तिक को इस प्रदर्शन के दम पर भारतीय टीम में वापसी करने का माैका मिला। उन्हें साउथ अफ्रीका के खिलाफ आगामी 5 टी20 मैचों की सीरीज के लिए चुना गया। कार्तिक की लंबे समय बाद वापसी हुई है। उन्होंने अपना आखिरी अंतरराष्ट्रीय मैच 2019 वनडे विश्व कप में न्यूजीलैंड के खिलाफ खेला था, जहां सेमीफाइनल भारत हारा था।

हार्दिक पांड्या
ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या के लिए आईपीएल 2022 एक नया मोड़ बनकर सामने आया है। पांड्या अपनी फिटनेस के कारण राष्ट्रीय टीम में जगह गंवा चुके थे। वह आखिरी बार 8 नवंबर 2021 को टी20आई के रूप में खेलते दिखे थे। उनकी खराब फिटनेस ने उनको टीम से दूर किया, लेकिन आईपीएल 2022 में गुजरात टाइटंस को बताैर कप्तान चैंपियन बनाकर उन्होंने सबको अपना चहेता बना लिया। ना सिर्फ अच्छी कप्तानी बल्कि, बल्लेबाजी के साथ-साथ गेंदबाजी भी दमदार करते दिखे। हार्दिक ने 15 मैचों में 487 रन बनाए। वह गुजरात के लिए सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज रहे, साथ ही फाइनल मैच में उन्होंने 4 ओवर में 17 रन देकर 3 विकेट लिए। हार्दिक पांड्या ने दिखा दिया कि वह हार मानने वाले नहीं। उन्हें साउथ अफ्रीका के खिलाफ अब खेलते हुए देखेंगे। इसके अलावा उन्हें भविष्य में टी20आई फाॅर्मेट की कप्तानी देने की बात भी कही जा रही है।

कुलदीप यादव
'चाइनामैन' कुलदीप यादव का समय पिछले कुछ सालों से अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के लिहाज से खराब रहा। वह कभी टीम के अंदर चल रहे थे तो कभी बाहर। यही नहीं, आईपीएल 2021 में तो उन्हें एक भी मैच खेलने का माैका नहीं दिया गया था, लेकिन इस सीजन में दिल्ली कैपिटल्स ने उन पर भरोसा किया। कोच रिकी पोंटिंग ने उन्हें शुरू में ही कर दिया था कि आपको सभी लीग मैच खेलने हैं। कुलदीप ने भी निराश ना करते हुए 14 मैचों में 21 विकेट लिए। वह सीजन में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले 5वें गेंदबाज रहे। कुलदीप को भी साउथ अफ्रीका खिलाफ टी20 सीरीज के लिए चुना गया है। कुलदीप ने चयनकर्ताओं को संकेत दे दिया कि वे उन खिलाड़ियों में नहीं, जिन्हें अंदर-बाहर किया जाए। कुलदीप अब आगामी टी20 विश्व कप के लिए भी तैयार हैं।












Click it and Unblock the Notifications