श्रीलंका दौरे पर बढ़ी टीम इंडिया की परेशानी, तीसरा खिलाड़ी हुआ चोटिल, कौन है यह ऑल राउंडर जो होगा बाहर?
IND vs SL: श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट सीरीज शुरू होने से पहले भारतीय टीम की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं। जसप्रीत बुमराह के सीरीज से बाहर होने के बाद अब ऑलराउंडर वॉशिंगटन सुंदर को लेकर भी स्थिति साफ नहीं है। हैमस्ट्रिंग चोट से जूझ रहे सुंदर के श्रीलंका जाने की संभावना फिलहाल काफी कम बताई जा रही है।
टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के अनुसार भारतीय टीम मैनेजमेंट और बीसीसीआई के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस ने सुंदर की वापसी को लेकर जल्दबाजी नहीं करने का फैसला किया है। टीम में हाल के समय में जिस तरह खिलाड़ियों को चोटों का सामना करना पड़ा है, उसे देखते हुए मेडिकल टीम सुंदर को पूरी तरह फिट हुए बिना टेस्ट मैच में उतारने का जोखिम नहीं लेना चाहती।

कब लगी थी यह चोट
सुंदर को श्रीलंका दौरे के लिए सिर्फ दूसरे टेस्ट की टीम में जगह मिली थी। वह इंग्लैंड में दूसरे वनडे के दौरान चोटिल हुए थे और इसके बाद से बेंगलुरु स्थित सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में रिहैबिलिटेशन कर रहे हैं। उनकी फिटनेस में सुधार हो रहा है लेकिन अभी उन्हें मैच के लिए पूरी तरह तैयार नहीं माना जा रहा।
रिपोर्ट में बीसीसीआई के एक सूत्र के हवाले से कहा गया है कि सुंदर के श्रीलंका जाने की संभावना इस समय बहुत कम है। मेडिकल टीम उनके वर्कलोड को धीरे-धीरे बढ़ा रही है और यह देखना चाहती है कि वह मैदान पर लौटने के बाद शरीर का दबाव किस तरह संभालते हैं।
सलेक्टर्स नहीं भेजेंगे दूसरा खिलाड़ी
दिलचस्प बात यह है कि अगर सुंदर सीरीज से बाहर भी होते हैं तो चयनकर्ता उनकी जगह किसी नए खिलाड़ी को टीम में शामिल करने के लिए तैयार नहीं दिख रहे। अगर वह अगले सप्ताह तक फिटनेस हासिल कर लेते हैं तो श्रीलंका जा सकते हैं। हालांकि इसके लिए पहले यह भी देखा जाएगा कि बिना किसी मैच प्रैक्टिस के उन्हें टेस्ट मैच में उतारना कितना सही होगा।
पहले से दो प्लेयर्स को किया रिप्लेस
टीम इंडिया के चोटिल प्लेयर्स की संख्या ने परेशानी बढ़ाने का काम किया है। इससे पहले जसप्रीत बुमराह बाहर हो गए थे। बाद में साई सुदर्शन भी बाहर हुए। दोनों की जगह क्रमशः आकिब नबी और सरफराज खान को शामिल किया गया था।


Click it and Unblock the Notifications
