World Cup 2023: विराट कोहली के बिना तिरुवनंतपुरम पहुंची टीम इंडिया, सामने आई चौंकाने वाली वजह
World Cup 2023: आईसीसी वनडे वर्ल्ड कप में भारत का पहला मैच ऑस्ट्रेलियाई टीम के खिलाफ 8 अक्टूबर को होना है, जोकि चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में खेला जाएगा। टीम इंडिया इंग्लैंड के खिलाफ अपना पहला वार्म-अप मैच रद्द होने के बाद अब दूसरे और अंतिम अभ्यास मैच के लिए पूरी तरह तैयार है, जिसके लिए सभी खिलाड़ी तिरुवनंतपुरम पहुंच चुके हैं, लेकिन विराट कोहली अभी तक नहीं पहुंचे हैं।
भारत का वार्म-अप मैच का दूसरा मुकाबला तिरुवनंतपुरम के ग्रीनफील्ड स्टेडियम में नीदरलैंड से होगा। क्रिकबज की एक रिपोर्ट के मुताबिक, टीम इंडिया रविवार शाम एक विशेष विमान से फ्लाइट के जरिए चार घंटे की यात्रा करके गुवाहाटी से तिरुवनंतपुरम पहुंची, लेकिन कोहली इस ग्रुप का हिस्सा नहीं थे।

रिपोर्ट के मुताबिक, अनुभवी नंबर 3 बल्लेबाज कोहली ने व्यक्तिगत आपात स्थिति के कारण टीम मैनेजमेंट से छुट्टी का अनुरोध किया और इसलिए गुवाहाटी से वापस मुंबई के लिए उड़ान भरी। हालांकि, रिपोर्ट में आगे कहा गया है कि कोहली सोमवार यानी आज तिरुवनंतपुरम में भारतीय टीम में शामिल होंगे।
भारतीय टीम वर्ल्ड कप से पहले मंगलवार को अपने अंतिम अभ्यास मैच में शानदार प्रदर्शन की उम्मीद कर रही होगी, तिरुवनंतपुरम के मौसम की बात करें तो Accuweather के अनुसार, मंगलवार को बादल छाए रहेंगे, बारिश के साथ आंधी का पूर्वानुमान है। यहां 96 प्रतिशत बारिश की संभावना है।
भारतीय फैंस और खिलाड़ी उम्मीद कर रहे होंगे की मौसम साफ रहे, क्योंकि इंग्लैंड के खिलाफ उनका पहला अभ्यास मैच एक भी गेंद फेंके बिना बारिश के कारण रद्द कर दिया गया। अगर दूसरे गेम का भी यही हश्र हुआ तो टीम को बिना अभ्यान मैच के की मैदान पर उतरना पड़ सकता है। भारत अपने विश्व कप अभियान की शुरुआत 8 अक्टूबर को चेन्नई में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ करेगा।
वहीं दूसरी ओर आज, दो अक्टूबर को इंग्लैंड बनाम बांग्लादेश के बीच वार्म-अप मैच खेला जाएगा, जोकि बारसापारा क्रिकेट स्टेडियम गुवाहाटी में होगा। दूसरा मैच न्यूजीलैंड बनाम साउथ अफ्रीका के बीच ग्रीनफील्ड इंटरनेशनल स्टेडियम, तिरुवनंतपुरम में खेला जाएगा।












Click it and Unblock the Notifications