Team India के लिए बजी खतरे की घंटी, मैदान पर उतरने से पहले सामने आया डरावना रिकॉर्ड
भारत और साउथ अफ्रीका के बीच 5 मैचों की टी20 सीरीज का आखिरी और निर्णायक मुकाबला रविवार यानि आज बैंगलुरू के एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेला जाएगा।
स्पोर्ट्स डेस्क: भारत और साउथ अफ्रीका के बीच 5 मैचों की टी20 सीरीज का आखिरी और निर्णायक मुकाबला रविवार यानि आज बैंगलुरू के एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेला जाएगा। पहले दो मैचों में मिली करारी हार के बाद टीम इंडिया (Team India) ने ना सिर्फ तीसरा मुकाबला जीतकर सीरीज में वापसी की बल्कि चौथा मैच जीतकर श्रृंखला को बराबरी पर भी ला खड़ा किया। आज जो भी टीम मैच जीतेगी, वो सीरीज पर भी कब्जा जमा लेगी। हालांकि, इस मुकाबले से पहले भारतीय टीम के लिए कुछ खराब आंकड़े सामने आ रहे हैं।

बैंगलुरू में भारत का प्रदर्शन बहुत खराब
बैंगलुरू के एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में भारतीय टीम का ट्रैक रिकॉर्ड ज्यादा अच्छा नहीं है। इस मैदान पर भारत ने कुल 5 टी20 मैच खेले हैं और केवल 2 में जीत नसीब हुई है। 3 मुकाबलों में टीम इंडिया को हार का मुंह देखना पड़ा। हैरान करने वाली बात तो ये हैं कि, इस मैदान पर भारत ने अपना आखिरी मुकाबला साल 2019 में साउथ अफ्रीका के खिलाफ ही खेला था, जहां अफ्रीकी टीम ने मेजबान को एकतरफा मुकाबले में 9 विकेट से हराया था।
भारत ने इस मैदान पर जो पिछले दो टी20 मैच खेले हैं, दोनों में टीम को हार मिली है। साउथ अफ्रीका से पहले 2019 में ही ऑस्ट्रेलिया ने टीम इंडिया को 7 विकेट से मात दी थी। वहीं, भारत ने एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में पहला मैच 2012 में चिर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान के खिलाफ हारा था। उस समय पाक ने भारत को 5 विकेट से धूल चटाई थी। बता दें कि, चिन्नास्वामी पर भारत के ये पहला T20I मैच भी था।
सिर्फ दो मैच जीते
भारतीय टीम ने जो दो मुकाबले जीते, उसमें भी एक मैच सिर्फ 1 रन से बांग्लादेश के खिलाफ जीता था। यह 2016 में खेला गया टी20 वर्ल्ड कप का मैच था, जिसमें हार्दिक पांड्या ने आखिरी ओवर डाला था और एमएस धोनी ने एक हाथ से लंबी दौड़ लगाते हुए बांग्लादेशी खिलाड़ी को रन आउट किया था। दूसरा मैच भारत ने इंग्लैंड के खिलाफ 2017 में जीता था। उस समय टीम इंडिया ने इंग्लैंड को 75 रन से मात दी थी।
दिलचस्प बात ये रही कि इन पांचों मुकाबलों में भारत ने पहले बल्लेबाजी की थी। एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम बहुत छोटा ग्राउंड माना जाता है और इस मैदान पर टागरेट का पीछा करना हमेशा फायदेमंद रहता है। आज कप्तान ऋषभ पंत जरूर टॉस जीतकर चेज करना चाहेंगे, मगर ये सब तो सिक्के पर निर्भर करता है, जो इस सीरीज में अब तक पंत के पक्ष में एक भी बार नहीं गिरा।












Click it and Unblock the Notifications