नेपाल के खिलाफ खराब फील्डिंग को लेकर बल्लेबाजी कोच ने कह दी बड़ी बात
नेपाल के खिलाफ मैच में जिस तरह से भारतीय फील्डर्स ने निराश किया उससे टीम के बल्लेबाजी कोच खुश नहीं हैं। शुरुआत में लगातार एक के बाद एक तीन कैच छोड़ने की वजह से नेपाल की टीम ने भारतीय गेंदबाजों की क्लास लगाई थी। श्रेयस अय्यर, विराट कोहली और ईशान किशन ने आसान से कैच छोड़े थे, इसके अलावा कई मिसफील्ड भी मैदान में नजर आएं थे।
हालांकि रोहित शर्मा और शुभमन गिल की नाबाद अर्धशतकीय पारी की बदौलत भारतीय टीम ने 10 विकेट से जीत दर्ज करके एशिया कप के सुपर 4 में अपनी जगह बना ली है। लेकिन बावजूद इसके टीम की फील्डिंग पर सवालिया निशान जरूर लग गया है।

मैच के पहले ही ओवर में फर्स्ट स्लिप पर खड़े श्रेयस अय्यर ने आसान सा कैच छोड़ दिया था। इसके बाद विराट कोहली और ईशान किशन ने शुरुआत के पांच ओवर में आसान कैच छोड़ा। हालांकि बाद में गेंदबाजों ने अच्छी गेंदबाजी करते हुए नेपाल की टीम को 230 रन पर ऑलाउट कर दिया।
लेकिन मैदान पर भारतीय फील्डर्स से कप्तान रोहित शर्मा काफी नाखुश नजर आए। बारिश के बाद ब्रेक और इनिंग ब्रेक दोनों के बाद रोहित शर्मा खिलाड़ियों के साथ डगआउट में नहीं बैठे।
मैच के बाद टीम के बल्लेबाजी कोच विक्रम राठौर ने कहा कि कहा कि विकेट अच्छा था, यह पाकिस्तान के खिलाफ पिछले मैच की तुलना में अच्छा था। हम और अनुशासित हो सकते थे। जिस तरह से तीन कैच छूटे उससे नेपाल को मदद मिली। उन्होंने अच्छी बल्लेबाजी की, खुश हूं कि कैच छूटने की वजह से कुछ बड़ा नुकसान नहीं हुआ। जिस तरह से हमने जवाब दिया वह अच्छा था।
बता दें कि भारत का अगला मुकाबला पाकिस्तान के साथ 10 सितंबर को होगा। इस मैच पर हर किसी की नजर रहेगी। पिछले मुकाबले में पाकिस्तान के गेंदबाजों ने भारतीय शीर्ष क्रम को सस्ते में पवेलियन भेज दिया था। रोहित शर्मा, विराट कोहली, श्रेयस अय्यर, शुभमन गिल कुछ खास नहीं कर सके थे। ऐसे में अगले मुकाबले में भारतीय बल्लेबाज अपनी छाप छोड़ने की कोशिश करेंगे।












Click it and Unblock the Notifications