T20 World Cup में शेफर्ड का धमाका: हैट्रिक के साथ बनाया अनोखा रिकॉर्ड, स्कॉटलैंड के उड़े होश
T20 World Cup WI Vs SCO: कोलकाता के ईडन गार्डन्स में खेले गए टी-20 वर्ल्ड कप 2026 के मुकाबले में वेस्टइंडीज के ऑलराउंडर रोमारियो शेफर्ड ने अपनी घातक गेंदबाजी से इतिहास रच दिया है। स्कॉटलैंड के खिलाफ खेलते हुए शेफर्ड ने हैट्रिक पूरी कर टीम की जीत में अहम योगदान दिया। उन्होंने महज पांच गेंदों के भीतर चार विकेट चटकाकर मैच का रुख पूरी तरह वेस्टइंडीज के पक्ष में मोड़ दिया। इस शानदार प्रदर्शन की बदौलत वेस्टइंडीज ने स्कॉटलैंड को 35 रनों से पराजित किया।
5 गेंदों में 4 विकेट लेकर रचा इतिहास (T20 World Cup WI Vs SCO)
148 रनों के लक्ष्य का पीछा कर रही स्कॉटलैंड की टीम एक समय मैच में बनी हुई थी। लेकिन 18वें ओवर में शेफर्ड के आक्रमण ने उनकी उम्मीदों को ध्वस्त कर दिया। शेफर्ड ने इस ओवर की लगातार तीन गेंदों पर मैथ्यू क्रॉस, माइकल लीस्क और ओलिवर डेविडसन को आउट कर अपनी हैट्रिक पूरी की। पहले विकेट के रूप में मैथ्यू क्रॉस बैकवर्ड पॉइंट पर कैच आउट हुए।

इन खिलाड़ियों को भेजा पवेलियन
दूसरा विकेट माइकल लीस्क बड़ा शॉट खेलने के प्रयास में लॉन्ग ऑन पर धरे गए। इसके बाद ओलिवर डेविडसन को क्लीन बोल्ड कर शेफर्ड ने अपनी हैट्रिक का जश्न मनाया। दिलचस्प बात यह है कि शेफर्ड ने अपने इस स्पेल के दौरान कुल पांच गेंदों के अंतराल में चार बल्लेबाजों को पवेलियन भेजा। उन्होंने सफ़यान शरीफ का विकेट लेकर टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में अपना पहला 'फाइव विकेट हॉल' (5/20) भी पूरा किया।
चार महीने में दूसरी हैट्रिक
रोमारियो शेफर्ड के लिए यह उपलब्धि इसलिए भी खास है क्योंकि पिछले चार महीनों में यह उनकी दूसरी टी20आई हैट्रिक है। इससे पहले अक्टूबर 2025 में उन्होंने बांग्लादेश के खिलाफ भी हैट्रिक ली थी। ईडन गार्डन्स में उनकी इस जादुई गेंदबाजी ने उन्हें विश्व कप इतिहास के चुनिंदा गेंदबाजों की श्रेणी में खड़ा कर दिया है।
ऐसा रहा मैच का हाल
वेस्टइंडीज ने पहले बल्लेबाजी करते हुए बोर्ड पर एक चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा किया था। जवाब में स्कॉटलैंड ने संघर्ष दिखाया, लेकिन शेफर्ड की अनुशासित और आक्रामक गेंदबाजी के आगे उनका निचला क्रम टिक नहीं सका। शेफर्ड ने अपने तीन ओवरों के कोटे में मात्र 20 रन देकर 5 विकेट हासिल किए। इस जीत के साथ वेस्टइंडीज ने टूर्नामेंट में अपनी स्थिति और मजबूत कर ली है।












Click it and Unblock the Notifications