T20 World Cup: भारत के खिलाफ मिस्बाह की उस गलती को नहीं भूला है पाकिस्तान, 15 साल बाद भी ताजा हैं जख्म
T20 World Cup: टी20 वर्ल्ड कप में भारत का पहला मुकाबला पाकिस्तान से होने जा रहा है, दोनों ही ओर इस मैच को लेकर उत्सुकता बनी हुई है। इंडो-पाक का मुकाबला दोनों ही देशों के लिए क्या मायने रखता है, ये किसी को बताने की जरुरत नहीं है लेकिन जब भी दोनों देश की टीमें आमने-सामने होती हैं तो चर्चाएं तो होती ही हैं और पुराने किस्सों का भी जिक्र होता है। ऐसा ही एक मुकाबला साल 2007 के टी20 वर्ल्ड कप में हुआ था, जिसके बाद पाकिस्तान ने अनऑर्थोडॉक्स शॉट्स यानी कि गैरपरंपरागत शाट्स मारना ही छोड़ दिया। इस बारे में खुद पाकिस्तान के पूर्व स्टार क्रिकेटर वसीम अकरम ने सवाल किया है वो भी मिस्बाह उल हक से, जिन्होंने इसका जवाब कुछ इस तरह से दिया कि अकरम क्या हर कोई हैरान रह गया।
Recommended Video

एक पाकिस्तानी चैनल से बातचीत के दौरान अकरम ने मिस्बाह से पूछा- 'आखिर क्या वजह है कि पाकिस्तानी बल्लेबाज अनऑर्थोडॉक्स शॉट्स नहीं खेलते?' तो मिस्बाह ने कहा कि 'इसके पीछे कारण साल 2007 इंडो-पाक मुकाबले में वो स्कूप शॉट है, जिसे मैंने मिस किया था और उसके बाद से टीम में धारणा बन गई कि वो अब गैरपरंपरागत शॉट्स नहीं खेलेंगे।'

दरअसल साल 2007 में इंडो-पाक के फाइनल रोमांचक मुकाबले में पाकिस्तान को आखिर ओवर में जीत के लिए 13 रनों की जरूरत थी। इंडिया की ओर से कप्तान धोनी ने जोगिंदर शर्मा को बॉल थमाई थी, पहली दो गेंदों में पाकिस्तान ने 7 रन बना लिए थे। लास्ट की चार गेंदों में पाक को 6 रन चाहिए थे, जैसे ही जोगिंदर ने ओवर की तीसरी गेंद फेंकी, मिस्बाह ने स्कूप शॉट मारा लेकिन बॉल सही ढंग से बैट पर आई नहीं और सीधे श्रीसंत के हाथों में चली गई और पाकिस्तान वहीं मैच हार गया और भारत ये मैच ही नहीं बल्कि विश्वकप जीत गया था।

अकरम के सवाल पर मिस्बाह का सारा दर्द छलक उठा, उन्होंने कहा कि 'उस फाइनल के बाद अब हमारे खिलाड़ियों ने उस तरह का शॉट्स मारना ही छोड़ दिया। आज किसी को भी मेरे 15 चौके नहीं याद है और लोग जब भी जिक्र करते हैं तो उसी को याद करते हैं, ये अपने आप में एक अलग तरह की बात है। '
15 साल बाद भी वो शॉट्स खेलने का पछतावा
मिस्बाह की बातों से स्पष्ट है कि आज 15 साल बाद भी उन्हें वो शॉट्स खेलने का पछतावा है। आपको बता दें कि एमबीए का करियर छोड़कर क्रिकेटर बनने वाले मिस्बाह पाकिस्तान के लोकप्रिय क्रिकेटर्स में से एक हैं। उन्होंने पाकिस्तान के लिए 75 टेस्ट मैच, 162 वनडे मैच और 39 टी-20 इंटरनेशनल मैच खेले हैं। उन्होंने टेस्ट मैच में 5222 रन, वनडे में 5122 और टी-20 इंटरनेशनल मैच में 788 रन बनाए हैं।












Click it and Unblock the Notifications