T20 World Cup: क्या है इस बार टीम इंडिया की विश्वकप में जीत की संभावना, जानिए टीम की कमजोर और मजबूत कड़ी
T20 World Cup: टी-20 विश्वकप की शुरुआत 22 अक्टूबर से होने जा रही है। इस बार के विश्वकप की रेस में जो टीमें सबसे आगे चल रही हैं, उसमे भारत, इंग्लैंड, ऑस्ट्रेलिया, पाकिस्तान, न्यूजीलैंड सबसे आगे हैं। जिस तरह से प्रैक्टिस मैच में भारतीय टीम शानदार प्रदर्शन कर रही है देखने वाली बात है कि क्या भारतीय टीम विश्वकप के मुकाबलों में भी अपना यही प्रदर्शन जारी रख पाती है या नहीं। भारतीय टीम के विश्वकप जीतने की संभावना की बात करें तो पिछले टी-20 विश्वकप के बाद से भारतीय टीम लगातार अच्छा प्रदर्शन कर रही है। इस विश्वकप में विराट कोहली टीम इंडिया के लिए एक्स फैक्टर साबित हो सकते हैं। ऐसे में हर किसी की उनपर नजर रहेगी।

कैसा रहा पिछले विश्वकप के बाद भारत का प्रदर्शन
पिछले साल हुए टी-20 विश्वकप के बाद से भारतीय टीम के टी-20 में प्रदर्शन की बात करें तो भारत एक भी द्वीपक्षीय सीरीज नहीं हारा है। भारत ने कुल 35 मैच खेले हैं, जिसमे से 26 मैचों में जीत दर्ज की है, जबकि 8 में उसे हार मिली है। वहीं एक मैच ड्रॉ रहा है। इस साल जून माह में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ सीरीज ड्रॉ रही थी। लिहाजा पिछले विश्वकप के बाद भारत का जीत फीसदी 76.47 फीसदी रहा है। लेकिन द्वीपक्षीय सीरीज के नतीजे भारतीय टीम के असल रिपोर्ट कार्ड पेश नहीं करते हैं।

पांच मुकाबलों में जीत जरूरी
भारतीय टीम को अगर इस बार विश्वकप को जीतना है तो उसे चार अहम मुकाबलों में जीत दर्ज करनी होगी। पहला मुकाबला 23 अक्टूबर को मेलबर्न में पाकिस्तान के खिलाफ, दूसरा मैच सिडनी में 27 अक्टूबर को ग्रुप-ए के रनर अप के खिलाफ, तीसरा मैच पर्थ में 30 अक्टूबर को दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ, चौथा मैच 2 नवंबर को एडीलेड में बांग्लादेश के और पांचवा मैच मेलबर्न में 6 नवंबर को फाइनला मुकाबला जीतना होगा। हालांकि भारतीय टीम द्वीपक्षीय सीरीज में बेहतर कर रही है लेकिन टूर्नामेंट में वह कुछ खास नहीं कर पा रही है।

भारतीय बल्लेबाजी
भारतीय बल्लेबाजी की बात करें तो टॉप टीमों के मुकाबले भारत की टीम की बल्लेबाजी काफी अच्छी है। पिछले टी-20 विश्वकप के बाद से भारत की बल्लेबाजी का औसत 31.49 रहा है। जबकि स्ट्राइक रेट 146.14 रहा है। वहीं भारतीय बल्लेबाजों ने 3 शतक और 33 अर्धशतक लगाए हैं। जोकि किसी भी टीम की तुलना में कहीं बेहतर है। बल्लेबाजी के लिहाज से भारत पहले पायदान पर है, दूसरे पायदान पर न्यूजीलैंड, तीसरे पर दक्षिण अफ्रीका, चौथे पर इंग्लैंड, पांचवे पर ऑस्ट्रेलिया है। भारत के पास रोहित शर्मा, विराट कोहली, केएल राहुल, सूर्यकुमार यादव, हार्दिक पांड्या जैसे जबरदस्त बल्लेबाज हैं। हालांकि भारत के सामने सबसे बड़ी चिंता बाएं हाथ का बल्लेबाज का ना होना है। इस बार रवींद्र जडेजा, ईशान किशन दोनों ही टीम में नहीं हैं। हालांकि ऋषभ पंत टीम में हैं लेकिन उनकी जगह इस बार माना जा रहा है कि दिनेश कार्तिक को प्लेइंग इलेवन में ज्यादा जगह मिलेगी। जिस तरह की फॉर्म में डीके हैं उसकी वजह से उनकी प्लेइंग 11 में जगह जरूर बनती दिख रही है।

भारतीय गेंदबाजी
भारतीय गेंदबाजी की बात करें तो यहां भारत के सामने कई बड़ी समस्याएं हैं। जिस तरह से आखिरी समय पर जसप्रीत बुमरा भारतीय टीम से बाहर हुए हैं वह टीम के लिए बड़ा झटका है। भारतीय गेंदबाजी की बात करें तो आखिरी के ओवर्स में भारत के गेंदबाज बहुत ज्यादा रन खर्च कर रहे हैं। वहीं भुवनेश्वर कुमार शुरुआती पॉवर प्ले में विकेट लेने में चूक रहे हैं। ऐसे में भारतीय गेंदबाजी मुख्य रूप से भुवनेश्वर कुमार, मोहम्मद शमी और अर्शदीप सिंह के कंधों पर है। ऐसे में हर्षल पटेल पर हर किसी की नजर रहेगी। अगर वह अच्छा करते हैं तो भारतीय टीम की विश्वकप में संभावना बनी रहेगी। स्पिन गेंदबाजी में रविचंद्रन अश्विन, चहर और अक्षर पर नजर रहेगी।

टीम इंडिया की मुश्किल चुनौती
टीम इंडिया के सामने सबसे बड़ी चुनौती की बात करें तो उसके पास रवींद्र जडेजा जैसा ऑलराउंडर नहीं है। जो ना सिर्फ गेंद से बल्कि बैट से भी जबरदस्त प्रदर्शन करते हैं। साथ ही मैदान में वह जिस फूर्ती से फील्डिंग करते हैं वह टीम के लिए एक अलग एडवांटेज है। ऐसे में रवींद्र जडेजा और जसप्रीत बुमरा की टीम को कमी जरूर खलेगी। डेथ ओवर्स में भी भारत की गेंदबाजी पिछले कुछ दिनों से कुछ खास नहीं रही है। ऐसे में एक तरफ जहां अनुभवी भुवनेश्वर कुमार और मोहम्मद शमी पर हर किसी की नजर है तो दूसरी तरफ हर्षल पटेल, अर्शदीप सिंह का प्रदर्शन टीम इंडिया के लिए काफी अहम होने वाला है। ऑस्ट्रेलिया में लंबे मैदान में स्पिन गेंदबाज काफी कारगर साबित हो सकते हैं, पॉवर प्ले में अश्विन, चाहर और अक्षर पर हर किसी की निगाहें रहेंगी

टीम इंडिया, शेड्यूल
रोहित शर्मा, केएल राहुल, विराट कोहली, सूर्यकुमार यादव, हार्दिक पांड्या, दिनेश कार्तिक, रिषभ पंत, अक्षर पटेल, युजवेंद्र चहल, रविचंद्रन अश्विन, भुवनेश्वर कुमार, अर्शदीप सिंह, हर्शल पटेल, दीपक हुडा, मोहम्मद शमी।
भारत के मैच
23 अक्टूबर पाकिस्तान के खिलाफ
27 अक्टूबर- ग्रुए के रनर अप के खिलाफ
30 अक्टूबर- दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ
2 नवंबर- बांग्लादेश के खिलाफ
6 नवंबर- ग्रुप बी के विजेता के खिलाफ












Click it and Unblock the Notifications