T20 World Cup जीतने के बाद अब सूर्यकुमार यादव लेंगे संन्यास? प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया फ्यूचर प्लान
T20 World Cup 2026 Suryakumar Yadav: भारतीय टी20 टीम के कप्तान सूर्यकुमार यादव ने रविवार को इतिहास रचने के बाद अपने इरादे साफ कर दिए हैं। न्यूज़ीलैंड को 96 रनों से करारी शिकस्त देकर भारत को तीसरा टी20 वर्ल्ड कप जिताने वाले सूर्या ने उन सभी अटकलों पर पूर्णविराम लगा दिया है। खराब फॉर्म के कारण सूर्या के अंतरराष्ट्रीय भविष्य को लेकर सवाल उठाए जा रहे थे। प्रेस कॉन्फ्रेंस में सूर्यकुमार यादव ने स्पष्ट किया कि वे कहीं नहीं जा रहे हैं और उनके अगले लक्ष्य अब और भी बड़े हैं।
भारत के लिए गोल्ड मेडल जीतने का है लक्ष्य (T20 World Cup 2026 Suryakumar Yadav)
सूर्यकुमार यादव ने जीत के बाद मीडिया से मुखातिब होते हुए अपने अगले दो बड़े लक्ष्यों का ऐलान किया। सूर्या ने कहा कि हमारा अगला लक्ष्य ओलंपिक गोल्ड है, और साथ ही उसी साल (2028) अपने टी20 वर्ल्ड कप खिताब का बचाव करना भी है। यह मत भूलिए। इस बयान के साथ ही उन्होंने साफ कर दिया कि लॉस एंजिल्स 2028 ओलंपिक में क्रिकेट की वापसी के साथ वे भारत के लिए गोल्ड मेडल जीतना चाहते हैं।

सूर्या ने बताया करियर का टर्निंग प्वाइंट
सूर्या ने स्वीकार किया कि साल 2024 टी20 वर्ल्ड कप फाइनल में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ लिया गया उनका वो सनसनीखेज कैच उनके जीवन का 'टर्निंग पॉइंट' था। उन्होंने भावुक होते हुए कहा कि उस पल ने मेरी ज़िंदगी पूरी तरह बदल दी। उसके बाद जब मैंने इस अद्भुत टीम की कप्तानी संभाली, तो मुझे पता था कि दो साल बाद हमें भारत में वर्ल्ड कप खेलना है। हमारा लक्ष्य साफ था कि हमें घरेलू दर्शकों के सामने कुछ खास करना है।
घरेलू सरज़मीं पर खत्म हुआ 'सूखा'
भारत में टी20 वर्ल्ड कप जीतना सूर्या के लिए एक बड़ी उपलब्धि से कहीं अधिक है। उन्होंने बताया कि भारत में खेलने का उत्साह और उम्मीदों का दबाव अलग ही होता है। सूर्या ने कहा कि भारत में पहले कभी किसी ने टी20 वर्ल्ड कप नहीं जीता था। जब आप यहां खेलते हैं, तो लोगों की उम्मीदें बढ़ जाती हैं। मैंने बाइलेटरल सीरीज के दौरान ही टीम के लड़कों से कहना शुरू कर दिया था कि इस पल के लिए उत्साहित रहो।












Click it and Unblock the Notifications