अब जो जीता वही सिकंदर, भारत-वेस्टइंडीज के बीच होगा नॉकआउट मुकाबला, इस दिन खेला जाएगा मैच
T20 World Cup 2026 SF Race: आईसीसी पुरुष टी20 विश्व कप 2026 का सुपर-8 चरण अब अपने अंतिम और सबसे निर्णायक मोड़ पर पहुंच गया है। गुरुवार को चेन्नई में जिम्बाब्वे पर 72 रनों की शानदार जीत के साथ भारतीय टीम ने टूर्नामेंट में अपनी उम्मीदें जिंदा रखी हैं। भारत की जीत ने ग्रुप-1 के समीकरणों को भी बेहद दिलचस्प बना दिया है।
दक्षिण अफ्रीका ने मारी सेमीफाइनल में एंट्री (T20 World Cup 2026 SF Race)
दूसरी ओर दक्षिण अफ्रीका ने वेस्टइंडीज को 9 विकेट से हराकर सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली है। ग्रुप-1 की वर्तमान स्थिति और सेमीफाइनल का गणितताजा अंक तालिका के अनुसार, दक्षिण अफ्रीका अपने दोनों मैच जीतकर 4 अंकों और +2.890 के बेहतरीन नेट रन रेट (NRR) के साथ क्वालीफाई कर चुकी है। वह इस टूर्नामेंट की अब तक की एकमात्र अजेय टीम है।

जिम्बाब्वे हुई वर्ल्ड कप से बाहर
वहीं, जिम्बाब्वे की टीम अपने दोनों मैच हारकर सेमीफाइनल की दौड़ से आधिकारिक रूप से बाहर हो गई है।अब सारा दारोमदार 1 मार्च (रविवार) को होने वाले मुकाबले पर टिक गया है, जहां भारत का सामना वेस्टइंडीज से होगा। कोलकाता के ऐतिहासिक ईडन गार्डन्स में रविवार को होने वाला यह मैच अब एक वर्चुअल क्वार्टर फाइनल में तब्दील हो चुका है।
बारिश होने पर क्या होगा?
सेमीफाइनल की दूसरी सीट के लिए समीकरण बिल्कुल साफ हैं। जो भी टीम रविवार का मैच जीतेगी, वह सीधे 4 अंकों के साथ सेमीफाइनल में प्रवेश कर जाएगी। यदि बारिश के कारण मैच धुल जाता है और दोनों टीमों को 1-1 अंक मिलता है, तो वेस्टइंडीज सेमीफाइनल के लिए क्वालीफाई कर लेगी। इसका कारण वेस्टइंडीज का नेट रन रेट (+1.791) है, जो भारत के रन रेट (-0.100) से काफी बेहतर है।
जिम्बाब्वे के खिलाफ जीत ने भारत के आत्मविश्वास को लौटाया है, लेकिन वेस्टइंडीज के खिलाफ चुनौती कहीं अधिक कठिन होगी। ईडन गार्डन्स की पिच और वहां का दबाव झेलने वाली टीम ही अंतिम-4 में जगह बना पाएगी। भारतीय टीम को अपने नेट रन रेट के घाटे को पीछे छोड़कर अब केवल जीत पर फोकस करना होगा।












Click it and Unblock the Notifications