'ICC ऑफिस को बम से उड़ा देंगे', पाकिस्तानी ने जय शाह को सरेआम दी धमकी? मचा बवाल
T20 World Cup 2026 News: टी-20 वर्ल्ड कप 2026 (T20 World Cup 2026) से पहले भारत और पाकिस्तान के बीच तनाव बढ़ता ही जा रहा है। 15 फरवरी को कोलंबो में होने वाले महामुकाबले पर पाकिस्तान सरकार के बॉयकॉट के फैसले के बीच अब एक पाकिस्तानी यूट्यूबर अर्सलान नसीर के भड़काऊ वीडियो ने नया विवाद खड़ा कर दिया है। सोशल मीडिया पर यह वीडियो आग की तरह फैल रहा है।
ICC ऑफिस को बम से उड़ाने की धमकी (T20 World Cup 2026 News)
'कॉमेडी और रिव्यू' के नाम पर जारी इस 15 मिनट के वीडियो में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) और भारतीय क्रिकेट नेतृत्व के खिलाफ हिंसक भाषा का प्रयोग किया गया है। यूट्यूबर अर्सलान नसीर ने अपने वीडियो में सीधे तौर पर आईसीसी के मुख्यालय को निशाना बनाने की बात कही है। उन्होंने दावा किया कि आईसीसी का ऑफिस दुबई में है, इसलिए वे सुरक्षित हैं। अगर यह ऑफिस भारत में होता तो हमारे लोग उनके मुख्यालय और आसपास के इलाकों को बम से उड़ा देते।

जय शाह को लेकर अपमानजनक टिप्पणियां
यह तीखी प्रतिक्रिया आईसीसी के उन बयानों के बाद आई है, जिसमें पाकिस्तान द्वारा भारत के खिलाफ मैच नहीं खेलने की स्थिति में कड़े एक्शन लेने की बात कही है। वीडियो में बीसीसीआई सचिव और आईसीसी चेयरमैन जय शाह के साथ-साथ भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव के खिलाफ भी आपत्तिजनक और अपमानजनक टिप्पणियां की गई हैं।
एशिया कप में शुरू हुआ था विवाद
इस गुस्से के पीछे हाल ही में संपन्न हुए एशिया कप 2025 का 'हैंडशेक रो' भी एक बड़ा कारण माना जा रहा है। पहलगाम में हुए आतंकी हमले (जिसमें 26 लोगों की जान गई थी) के विरोध में भारतीय टीम ने पाकिस्तानी खिलाड़ियों से हाथ मिलाने से इनकार कर दिया था। इसके अलावा ट्रॉफी समारोह के दौरान भारतीय टीम ने पीसीबी अध्यक्ष मोहसिन नकवी से ट्रॉफी स्वीकार नहीं की थी। रिपोर्टों के अनुसार, इस अपमान के बाद नकवी ट्रॉफी अपने साथ ले गए थे, जो अब तक आधिकारिक रूप से भारतीय बोर्ड को नहीं मिली है।
यह भड़काऊ वीडियो ऐसे समय में आया है जब आईसीसी और पीसीबी के बीच 'बैक-चैनल' (पर्दे के पीछे) बातचीत चल रही है। पाकिस्तान का आधिकारिक रुख अभी भी 15 फरवरी के मैच के बहिष्कार का है। यदि पाकिस्तान इस पर अड़ा रहता है तो टूर्नामेंट के वित्तीय ढांचे और प्रसारण अधिकारों पर गहरा असर पड़ेगा।












Click it and Unblock the Notifications